भीषण गर्मी हो या बरसात, हरबर्टपुर चौक पर यात्री शेड के अभाव में यात्रियों को भारी परेशानी होती है। उनके बचाव के लिए कोई इंतजाम नहीं है। यात्रियों को सड़कों के किनारे पर खड़े होकर वाहनों का इंतजार करना पड़ता है।
हरबर्टपुर चौक को पछवादून व जौनसार बावर से लेकर उत्तरकाशी व टिहरी जनपद के कई इलाकों के निवासियों की आवाजाही का प्रमुख केंद्र माना जाता है। इन तमाम क्षेत्रों से देहरादून, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, चंडीगढ़ आदि राज्यों को आने-जाने वाले यात्री हरबर्टपुर चौक से ही अपनी यात्रा शुरू करते हैं। यात्री शेड नहीं होने के कारण यात्रियों को चौक की अलग-अलग दिशाओं में जाने वाली सड़कों पर खड़े रहकर ही वाहनों का इंतजार करना पड़ता है।
हरबर्टपुर निवासी फुरकान अहमद, अरुण कुमार, अमित कपिल का कहना है कि बरसों से चली आ रही इस समस्या का समाधान करने के लिए कभी भी नगर पालिका या फिर किसी अन्य स्तर से कोई प्रयास नहीं हुआ है। सर्दी, बरसात व भीषण गर्मी के मौसम में चौक के आसपास कोई ऐसा स्थान मौजूद नहीं जहां बुजुर्ग, महिलाएं या फिर छोटे बच्चों को कुछ देर आराम से बैठाया जा सके।
नगर पालिका अध्यक्ष देवेंद्र सिंह बिष्ट का कहना है कि हरबर्टपुर चौक पर कोई भी ऐसा स्थान नहीं है, जहां यात्री शेड बनाया जा सके। नगर पालिका बस अड्डे का निर्माण कार्य प्रगति पर है। उम्मीद है शीघ्र ही बसों व अन्य यात्री वाहनों का संचालन बस अड्डे से हो सकेगा।