महाराणा प्रताप की 478वीं जयंती पर सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने मंगलवार को आईएसबीटी परिसर में महाराणा प्रताप की 18 फुट ऊंची मूर्ति का अनावरण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बागड़ी समाज के उत्थान के लिए कई घोषणाएं की।
आईएसबीटी परिसर में महाराणा प्रताप विचार मंच की ओर से आयोजित कार्यक्रम में सीएम ने कहा कि महाराणा प्रताप का साथ देने वाले बागड़ी समाज के लोगों को खानाबदोश जीवन नहीं जीने दिया जाएगा। आवासीय कॉलोनियों में उन्हें आसरा दिया जाएगा। उनकी आर्थिक स्थिति बेहतर करने के लिए काम किया जाएगा।
विशिष्ट अतिथि सांसद रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि महाराणा प्रताप वीरता, साहस और स्वाभिमान का प्रतीक हैं। संस्कृति और पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि महाराणा प्रताप वीरता, देशभक्ति और वचनबद्धता की अद्भुत मिसाल हैं। युवाओं को उनके विचारों से प्रेरणा लेनी चाहिए। विधायक व महापौर विनोद चमोली ने कहा कि महाराणा प्रताप इतिहास में अमर हैं।
महाराणा प्रताप विचार मंच के अध्यक्ष रतन सिंह चौहान ने कहा कि महाराणा प्रताप के जीवन के बारे में अधिक से अधिक प्रचार प्रसार करने की आवश्यकता है। मूर्तिकार आर भारद्वाज और आर्किटेक्ट विपुल मैदोली को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
संस्कृति विभाग ने भारत शिरोमणि महाराणा प्रताप की मूर्ति और पार्क बनाने के लिए 34 लाख रुपये खर्च किए हैं। एमडीडीए ने इसके लिए भूमि उपलब्ध कराई है।