उत्तराखंड के मुख्यमंत्री हरीश रावत ने अचानक जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर डीजीपी बीएस सिद्धू सहित तीन पुलिस अधिकारियों की बैठक बुला ली।
शनिवार को बेहद गोपनीय ढंग से हुई इस बैठक से अन्य पुलिस अधिकारियों और सीएम स्टाफ को दूर रखा गया। माना जा रहा है कि कानून व्यवस्था के मामलों और अवैध खनन पर सीएम ने डीजीपी से नाराजगी जताई है। इस बैठक को देहरादून में कानून व्यवस्था के अलावा अवैध खनन के बढ़ते मामलों को रोकने में पुलिस की कमजोर भूमिका से जोड़ा जा रहा है।
सीएम ने एयरपोर्ट पर डीजीपी को बुलाया तो आला पुलिस अधिकारियों में सुगबुगाहट होने लगी। कु छ अधिकारी तो बुलावे के बिना ही हाजिरी के लिए पहुंच गए। सीएम ने अलग कमरे में तीनों अधिकारियों को बुलाया।
बैठक के बाद सभी अधिकारी चुप्पी साधे हुए हैं। बैठक के दौरान कुछ आला अधिकारी अंदर बुलावे का इंतजार करते दिखे, लेकिन सीएम ने उन्हें नहीं बुलाया। इस बैठक में डीजीपी के अलावा एसएसपी देहरादून पुष्पक ज्योति और अपर सचिव गृह अजय रौतेला ही शामिल हुए।