अमर उजाला के गंगा सफाई अभियान के तहत सोमवार को हरकी पैड़ी और आसपास के घाटों पर सफाई की। हरकी पैड़ी क्षेत्र के घाट साफ दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद अब कुशाघाट और ऋषिकुल घाट की बारी है।
कुशाघाट पर आज (मंगलवार) उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ की ओर से 11 बजे सफाई अभियान चलाया जाएगा। संघ उपाध्यक्ष अजय शर्मा ने लोगों से अभियान में जुड़ने की अपील की है। महानगर कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ता ऋषिकुल घाट को चकाचक करेंगे।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ओपी चौहान ने कांग्रेसियों से सुबह दस बजे ऋषिकुल घाट पर पहुंचने का आह्वान किया है। आप भी पुण्य के इस काम में भागीदार बन सकते हैं। आज इन दोनों में से किसी भी घाट पर गंगा सफाई अभियान में शामिल हो सकते हैं।
छात्र-छात्राओं के हर घाट पर लगाया झाडू़
सुबह कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग रुड़की (कोर) के छात्र-छात्राएं और शिक्षक-कर्मचारी गंगा सफाई के लिए हरकी पैड़ी पर उतरे। छात्रों ने हर घाट पर सफाई की और कूड़ा प्लेटफार्म तक पहुंचाया।
कोर के संस्थापक जे.सी. जैन ने कहा कि गंगा की पवित्रता और स्वच्छता बनाए रखना स्थानीय निवासियों के साथ ही तीर्थयात्रियों की भी जिम्मेदारी है।
गंगा में पूजा के अवशेष और पालीथिन आदि नहीं डाली जानी चाहिए। मौके पर कोर के डायरेक्टर जनरल एमके मित्तल, रजिस्ट्रार राजेश भट्ट, श्रेयांश जैन, सुनीता जैन, डॉ. वीके सिंह, आरके सैनी आदि उपस्थित रहे।
व्यापारियों ने पेड़ों को निकाला बाहर
हरिद्वार शहर के युवा व्यापारियों ने सुनील सेठी के नेतृत्व में सफाई अभियान में उत्साह दिखाया। इन्होंने हरकी पैड़ी पर गंगा में जगह-जगह फैले कपड़ों को बाहर निकाला। बडे़-बड़े पेड़ों को निकालकर बाहर किया। सदस्यों ने गंगा मैया के जयकारे लगाए।
इस दौरान पूरन पांडेय, हिमांशु शर्मा, महामंत्री अनुपत त्यागी, अभिषेक गौड़, आशीष धीमान, गुलशन भसीन, रमन व्याकुल, विकास सेठ, काकू श्रमिक, नितेश गिरि, कृष्ण चौहान, प्रदीप बहोत, शिवम सचदेवा, बाबू पांडे, रवि प्रभारी, अमन वार्ष्णेय, प्रदीप आहुजा आदि उपस्थित रहे।
जिला और शहर व्यापार मंडल भी जुटा
जिला एवं शहर व्यापार मंडल के पदाधिकारी भी अभियान में जुटे। जिलाध्यक्ष संजीव चौधरी और शहर अध्यक्ष तेजप्रकाश साहू के नेतृत्व में विनोद मिश्रा, विशालमूर्ति भट्ट, विपिन चौधरी, बाबी तोमर, कैलाश भंडारी, चिराग, सुमित अरोड़ा, कीर्तिपाल आदि ने अभियान चलाया।
सेव गंगा फाउंडेशन के कार्यकर्ता जुटे
सेव गंगा फाउंडेशन के कार्यकर्ताओं ने दूसरे दिन भी सफाई अभियान में योगदान दिया। दीपक तालियान, अमित बालियान, राकेश शर्मा, सतीश शर्मा, मनीष चौधरी, मदन रावत, रजत भारद्वाज, गौतम भट्ट, बिट्टू आदि ने सुभाषघाट और ब्रह्मकुंड की सफाई की।
अभियान में नगर निगम बना सहभागी
गंगा सफाई अभियान में नगर निगम सहभागी बना है। मेयर मनोज गर्ग दलबल के साथ सुबह नौ बजे हरकी पैड़ी पहुंच गए थे। स्वयंसेवियों की ओर से जो भी कूड़ा गंगा से निकाला, मेयर ने अपने सामने मौके से उठवाया।
मेयर ने कहा कि कूड़े के निस्तारण की व्यवस्था साथ-साथ की जा रही है। लोगों से अपील है कि कूड़ा ऐसे स्थान पर इकट्ठा करें जहां नगर निगम की गाड़ी पहुंच सके।
जेसी जैन देंगे 50 कूड़ेदान
मेयर मनोज गर्ग ने हरकी पैड़ी क्षेत्र में कूड़ा-करकट फैलने से रोकने के लिए उद्यमी जेसी जैन से सहयोग की अपील की। जैन ने हरकी पैड़ी क्षेत्र के लिए 50 कूड़ेदान देने का वादा किया।
मेयर ने बताया कि यह कूड़ेदान हरकी पैड़ी के घाटों पर रखवाए जाएंगे ताकि यात्री कूड़ा न फेंले। इसके अलावा जैन ने नगर निगम के एक वार्ड को भी गोद लेने की बात कही है। जिसमें साफ-सफाई की मॉनीटरिंग की जाएगी। जैन ने बताया कि वार्ड में क्या-क्या किया जाए, इस पर विचार किया जा रहा है।
गंगनहर में गिर रहे हैं गंदे नाले
गंगा बंदी के समय नालों का सच भी सबके सामने आया है। गंगनहर में जगह-जगह गंदे नाले गिर रहे हैं। ज्वालापुर में मोहल्ला कस्साबान के सामने नाला झरने की तरह गंगनहर में गिर रहा है। जटवाड़ा पुल से आगे भी गंदे नाले सीधे गंगनहर में गिर रहे हैं।
मनसा देवी मार्ग किया स्वच्छ
मनसा देवी दुकानदार कल्याण समिति के तत्वावधान में सफाई अभियान चलाया गया। वन्य जीव सप्ताह के तहत दुकानदारों ने मनसा देवी मार्गों पर बिखरा कूड़ा, करकट, पॉलीथिन हटवाया गया।
समिति ने यात्रियों से वन्य जीवों की रक्षा करने, दुकानदारों से मनसा देवी मार्ग पर बंदरों खाद्य पदार्थ न देने, सफाई रखने को कहा गया। राजाजी पार्क वन अधिकारियों से हाथियों को वाटर हॉल बनवाने, जंगल में अवैध कटान रोकने और गश्त करने की मांग रखी गई।
धर्मेंद्र पांडे, किशोरी लाल, शिव प्रताप, विनोद पप्पू, अजय, नागेंद्र, ओम प्रकाश, सोनू सिंह, दिनेश पाल, उदय पाल आदि शामिल रहे।