केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की 12वीं की व्यावसायिक विषयों की परीक्षाएं इस महीने के अंत में समाप्त होंगी। हालांकि 12वीं की मुख्य विषयों की बोर्ड परीक्षाएं बीती 23 दिसंबर और 10वीं की 11 दिसंबर को संपन्न हो गई हैं। जबकि टर्म-1 की बोर्ड परीक्षा का परिणाम जनवरी में जारी किया जा सकता है।
कोरोना काल में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बोर्ड की ओर से इस बार दो चरणों में बोर्ड परीक्षा आयोजित कराने का फैसला लिया गया है। जबकि बोर्ड के छात्रों ने भी पहली बार ओएमआर शीट पर परीक्षाएं दी। शिक्षकों का कहना है कि बोर्ड की ओर से आधुनिक तकनीक का प्रयोग कर बोर्ड परीक्षा का रिजल्ट तैयार किया जाएगा। केन्द्रीय विद्यालय संगठन देहरादून संभाग की उपायुक्त मीनाक्षी जैन ने बताया कि 10वीं की बोर्ड परीक्षाएं संपन्न हो गई हैं। जबकि 12वीं कक्षा की मुख्य परीक्षाएं भी 23 दिसंबर को समाप्त हो गई थी। कुछ व्यावसायिक विषयों की परीक्षाएं बची हैं जिन्हें 30 दिसंबर तक पूरा करा लिया जाएगा।