हरिद्वार के लक्सर क्षेत्र में स्कूल में बन रहे निर्माणाधीन सीवर टैंक में गिर जाने से एक बच्चा घायल हो गया। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने शिक्षा प्रेरक को लापरवाही का दोषी बताते हुए उसके साथ मारपीट कर दी।
बताया गया कि तुगलपुर-खानपुर गांव के प्राइमरी स्कूल में इन दिनों सीवर टैंक बन रहा है। रविवार को एक बच्चा खेलते हुए स्कूल में पहुंचा और टैंक में गिर गया जिससे उसे चोटें आई। रविवार को स्कूल में प्रेरक परीक्षा का आयोजन चल रहा था।
प्रेरक से मारपीट
इसकी जानकारी जब बच्चे के परिजनों को हुई तो वह मौके पर पहुंचे और वहां मौजूद प्रेरक से अभद्रता करने लगे। जब प्रेरक ने इसका विरोध किया तो उसके साथ मारपीट कर दी। मारपीट में प्रेरक घायल हो गया। पुलिस का कहना है कि अभी तक तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मामले में कार्रवाई की जाएगी।
लकड़ी से भरा टेंपू पकड़ा
वहीं हरिद्वार के ही सुल्तानपुर में पुलिस ने शनिवार की रात चेकिंग के दौरान एक टेंपू में शीशम की लकड़ी भरी देखी। चालक इन लकड़ियों के बारे में कोई जानकारी नहीं दे सका। पुलिस शीशम की लकड़ी से लदे टेंपू को पुलिस चौकी ले आई।
साथ ही इसकी जानकारी वन विभाग के अधिकारी को दी। वन अधिकारी अनिल कुकरेती का कहना है कि शीशम की डाट से लदे टेंपू के विषय में जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।