माजरा क्षेत्र में एक बंदर से लोग दहशत में हैं। एक हफ्ते से ज्यादा दिनों तक माजरा क्षेत्र में घूम रहे इस बंदर ने करीब 12 बच्चों काटा है। इस संबंध में कार्रवाई नहीं होने पर शुक्रवार को क्षेत्रीय लोगों ने माजरा में नेशनल हाइवे पर सांकेतिक जाम लगाया। इसके बाद जागे वन विभाग बंदर को पिंजरे लगाकर पकड़ लिया है।
माजरा के ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्र में 31 जनवरी से एक बंदर की दहशत थी। इस बंदर ने 31 जनवरी को सबसे पहले महिशानंद बहुगुणा इंटर कॉलेज माजरा की पहली कक्षा के छात्र को काटा।
एक सप्ताह तक रही दहशत
इसकी शिकायत वन विभाग से की गई, लेकिन एक सप्ताह तक कोई कार्रवाई नहीं होने के कारण बंदर एक के बाद एक करीब 12 बच्चों को काट खाया। माध्यमिक शिक्षक संघ के जिला मंत्री अनिल नौटियाल ने बताया कि वन विभाग ने इस संबंध में घोर लापरवाही की है। पहले ही दिन विद्यालय की ओर से लिखित और फोन पर वार्ता कर ली गई थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।
अगर समय पर कार्रवाई की जाती तो इतने बच्चों को बंदर ना काटता। अनिल नौटियाल ने बताया कि सबसे पहले इस बंदर ने सुबह स्कूल आते समय पहली कक्षा के छोटे बच्चे का गाल नोंच लिया। इसके बाद क्षेत्र में करीब 12 बच्चों को लगातार काटा। माजरा में प्रधान वाली गली, मूलचंद एनक्लेव, आजाद कॉलोनी, माजरा चौक सहित अगल-बगल के क्षेत्रों में इस बंदर ने बच्चों को काटा।