उत्तराखंड मुख्यमंत्री हरीश रावत ने राजस्व संवर्ग कर्मचारियों से हड़ताल समाप्त कर काम पर लौटने का आग्रह किया है।
सरकार को लेने पड़ेंगे कठोर फैसले
सीएम ने कहा कि सरकार नहीं चाहती कि उत्तराखंड की प्राचीन राजस्व पुलिस व्यवस्था बंद करनी पड़े, लेकिनराजस्व संवर्ग का रवैया यही रहा तो सरकार कठोर निर्णय लेने को बाध्य होगी।
गुरुवार की सुबह चंपावत रवाना होने से पहले सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि राजस्व पुलिस व्यवस्था काफी पुरानी है। सरकार ने राजस्व संगठन की अधिकांश मांगें मान ली हैं।
कुछ पर तत्काल काम होना संभव नहीं है। इन पर भी सरकार का रुख सकारात्मक है। बावजूद इसके राजस्व कर्मियों का काम पर नहीं लौटना चिंताजनक है।
राजस्व कर्मी सरकार को ऐतिहासिक व्यवस्था के स्थान पर नई व्यवस्था लागू करने को बाध्य न करें अन्यथा कड़वा निर्णय लेना पड़ेगा। जिले में बढ़ते अपराधों के बारे में उन्होंने कहा कि भनोली तहसील के तिहरे हत्याकांड, गगास के निकट लछिमा देवी की हत्या का पुलिस जल्द खुलासा करेगी।
इस दौरान सीएम ने हिमपात के बाद सुधार कार्य में तेजी के लिए ऊर्जा निगम की सराहना की। उन्होंने कहा कि बर्फबारी के बाद व्यवस्थाएं बनाने में हिमाचल की अपेक्षा राज्य में बेहतर काम हुआ है।
दुर्गापाल ने कांग्रेस को दिल, पीडीएफ को धर्म बताया
विधायक हरीश दुर्गापाल के कांग्रेस में शामिल होने के बाबत पत्रकारों के सवाल के जवाब में सीएम हरीश रावत ने कहा कि दुर्गापाल ने कांग्रेस को दिल, पीडीएफ को धर्म बताया है।
वह दिल की भी सुन रहे हैं, धर्म भी निभा रहे हैं। पीडीएफ के अन्य विधायकों की कांग्रेस में आने की संभावना पर उन्होंने कहा कि राजनीति में संभावनाएं सदैव बनी रहती हैं।