धोखाधड़ी के एक मामले में दो दंपति समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। मामला जमीन की खरीद फरोख्त में रुपये उधारी का बताया जा रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सुभाष भट्ट निवासी सालावाला राजपुर की शिकायत पर शैलेंद्र सिंह निवासी मयूर विहार, शैलेंद्र की पत्नी उमा सिसौदिया, नवीन पिरसाली, चंद्र दत्त पिरसाली उनकी पत्नी विमला, अमरीश गौर और अरिन चौधरी के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। भट्ट का कहना है कि वह पेशे से व्यापारी है। वह शैलेंद्र को पहले से जानते थे। उन्होंने शैलेंद्र को एक जमीन दिलाने का सौदा किया था। इसके लिए उनसे 41 लाख रुपये लिए थे। लेकिन, उन्हें जमीन पसंद नहीं आई।
इसके बाद उन्होंने अपने पैसे वापस मांगे। साथ ही कहा कि उन्हें कुल 70 लाख रुपये की जरूरत है। इस पर उन्होंने शैलेंद्र व उसके साथियों को 70 लाख रुपये दे दिए। समय बीतता गया लेकिन उन्होंने बाकी की रकम नहीं लौटाई। इस पर उन्होंने अपने पैसे वापस मांगे तो उन्हें मना कर दिया गया। शहर कोतवाली पुलिस ने इन सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।