आईटीडीए एक क्लिक पर देगा पूरी जानकारी
राज्यपाल ने कहा, चारधाम यात्रा के लिए नई तकनीक जिनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ड्रोन, मोबाइल एप आदि से यात्रियों को सुविधाएं दी जाएं। राज्यपाल ने निदेशक आईटीडीए को चारधाम यात्रा के सुचारू संचालन, फीडबैक एवं रिपोर्टिंग के लिए एक एकीकृत डैशबोर्ड बनाने के लिए कहा है। कहा, यात्रा संबंधी कई सूचनाओं को एक स्थान पर एकत्रित करने से सभी विभागों को समाधान एवं प्रबंधन करने में सहायता मिलेगी। कहा, यात्रियों की सहायता के लिए जरूरी सूचनाओं का प्रचार-प्रसार का नेटवर्क मजबूत होना चाहिए। उन्होंने सभी विभागों से यात्रा से पहले तैयारियां दुरुस्त करने को कहा।
यात्रा मार्गों में हेल्थ एटीएम हो रहे स्थापित
सचिव स्वास्थ्य डॉ. आर राजेश कुमार ने बताया, यात्रा मार्गों में हेल्थ एटीएम स्थापित किए जा रहे हैं। स्थानीय स्तर पर लोगों को स्वास्थ्य मित्र का भी प्रशिक्षण दिया जा रहा, जो होटल आदि में ठहरने वाले यात्रियों को किसी प्रकार की इमरजेंसी होने पर सहायता करेंगे। बताया, गत वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष चिकित्सकों की संख्या में बढ़ोतरी करते हुए 184 चिकित्सक यात्रा मार्ग पर अपनी सेवाएं देंगे।
नौ सुपर, 37 सुपर जोन और 112 सेक्टर बने
पुलिस महानिदेशक अभिनव कुमार ने बताया, यातायात एवं भीड़ प्रबंधन के लिए प्रदेश में नौ सुपर जोन, 37 जोन व 112 सेक्टर बनाए गए हैं। यात्रा की निगरानी सीसीटीवी और ड्रोन के माध्यम से की जाएगी। यात्रियों को ऑनलाइन धोखाधड़ी व गलत जानकारी प्राप्त करने से बचाने के लिए साइबर सेल और सोशल मीडिया सेल का निर्माण किया गया है। वर्चुअल माध्यम से जुड़े गढ़वाल मंडल के जिलाधिकारियों ने बताया, यात्रा मार्ग पर हाईटेक शौचालय का विस्तार किया गया है। अपर निदेशक शहरी विकास ललित नारायण मिश्रा ने बताया, प्रशासन ने सिंगल यूज प्लास्टिक के निस्तारण के लिए क्यूआर कोड व्यवस्था लागू की है। जिसके माध्यम से कम से कम 80 प्रतिशत प्लास्टिक की बोतलें और अन्य कूड़े को निष्पादन के लिए एकत्रित करने का लक्ष्य रखा गया है।