यात्री संख्या 60 लाख के पार होने की उम्मीद
पिछले वर्ष चारधाम यात्रा पर करीब 56 लाख तीर्थ यात्री आए थे। यात्रा प्रशासन ने संभावना जताई है कि इस बार यह आंकड़ा 60 लाख के पार जाएगा। तीर्थ यात्रियों की संख्या को देखते हुए प्रशासन चारधाम ट्रांजिट कैंप परिसर में व्यवस्थाएं जुटाने का प्रयास कर रहा है।
पिछले वर्ष मिली थी ट्रांजिट कैंप की सौगात
चारधाम यात्रा प्रशासन को पिछले वर्ष ट्रांजिट कैंप कर सौगात मिली थी। करीब 22 करोड़ की लागत से तीन मंजिला भवन बना है। इस भवन में यात्रा से संबंधित सभी विभागों के कैंप कार्यालय हैं। सबसे ऊपरी तल पर करीब 112 बेड की डॉरमेट्री भी है। इस बार इस डॉरमेट्री को वातानुकूलित किया जाएगा। इसके अलावा भूतल पर पांच बेड का क्लीनिक भी है।
25 अप्रैल तक सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद कर दी जाएंगी। चुनाव के बाद कुछ सुविधाओं के लिए टेंडर प्रक्रिया की जाएगी। तीर्थ यात्रियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। - एके श्रीवास्तव, ओएसडी यात्रा प्रशासन