श्रीनगर में ठहरने की पर्याप्त है व्यवस्था
श्रीनगर में 50 से अधिक होटल हैं जिनकी क्षमता लगभग डेढ़ हजार लोगों के ठहरने की है। यदि पुलिस-प्रशासन ठहरने की वैकल्पिक व्यवस्था करता है तो लगभग ढाई से तीन हजार यात्री यहां रुक सकते हैं। सीओ श्याम दत्त नौटियाल के अनुसार यदि कोई यात्री श्रीनगर से आगे होटल की बुकिंग करवाता है, तो स्लिप देखने के बाद उसे जाने दिया जाएगा। वहीं एनआईटी परिसर में बनाई गई अस्थायी वाहन पार्किंग में लाइट की व्यवस्था कर दी गई है। मोबाइल टॉयलेट और पानी का एटीएम भी स्थापित कर दिया गया है।
गुप्तकाशी पहुंचे मुख्यमंत्री ने लिया यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार को केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के शुभ अवसर पर देवाधिदेव महादेव की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली की कामना करेंगे। कपाट खुलने की पूर्व संध्या पर मुख्यमंत्री ने सोमवार शाम गुप्तकाशी पहुंच कर यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की मंगलमय यात्रा के लिए प्रदेश सरकार की ओर से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। सभी श्रद्धालुओं को सुगमता के साथ देव दर्शन की सुविधा मिले। इसकी भी प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। उन्होंने भगवान केदारनाथ से सभी की मनोकामना पूर्ण करने की भी प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार चारधाम यात्रा में गत वर्ष की अपेक्षा अधिक श्रद्धालु प्रदेश में आकर चारों धामों के दर्शन कर पुण्य के भागी बनेंगे।
इस मौके पर विधायक केदारनाथ शैला रानी रावत, विधायक रुद्रप्रयाग भरत सिंह चौधरी, भाजपा की जिला अध्यक्ष महावीर सिंह पंवार, बदरी केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष अजेंद्र अजय, अपर जिलाधिकारी दीपेंद्र नेगी, उप जिलाधिकारी ऊखीमठ जितेंद्र वर्मा, पुलिस उपाधीक्षक प्रबोध घिडिल्याल आदि मौजूद थे।