केदारनाथ ट्रैक पर अव्यवस्थाएं दूर करने के दिए निर्देश
केदारनाथ धाम ट्रैक पर कई जगहों पर अव्यवस्थाओं का बोलबाला है। यहां साइड रेलिंग और पथ प्रकाश की भी समुचित व्यवस्था नहीं है। ऐसे में हादसे होने की भी आशंका बनी हुई है। डीजीपी अशोक कुमार ने एसपी रुद्रप्रयाग को जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर अव्यवस्थाओं को दूर करने के निर्देश दिए हैं। डीजीपी हाल ही में चारों धामों से लौटे हैं। वहां उन्होंने पुलिस-प्रशासन की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया था। वहां से लौटने के बाद सोमवार को उन्होंने केदारनाथ धाम के ट्रैक पर अव्यवस्थाओं की जानकारी दी।
ये भी पढ़ें...उत्तराखंड: चारधाम के कपाट खुलने के साथ ही यात्रा ने पकड़ी रफ्तार, यात्रा के लिए 9.5 लाख से अधिक पंजीकरण
पुलिस ड्यूटी बढ़ाने के भी दिए निर्देश
डीजीपी ने बताया कि इस ट्रैक पर कुछ जगहों पर साइड रेलिंग भी नहीं बनी हुई हैं। यहां पर पथ प्रकाश की व्यवस्था भी नहीं है। यही नहीं महिला यात्रियों के लिए शौचालय भी नहीं बने हुए हैं। बताया कि ये सब अव्यवस्थाएं गुप्तकाशी से आगे के मार्ग पर हैं। इसके लिए उन्होंने एसपी रुद्रप्रयाग को निर्देशित किया है। कहा गया कि वह डीएम से समन्वय स्थापित कर अव्यवस्थाओं को दूर करें। यहां जितनी जल्दी हो सके सब व्यवस्थाएं सुचारु की जाएं, ताकि कोई हादसा न हो। पथ प्रकाश और साइड रेलिंग न होने से कोई भी बड़ा हादसा हो सकता है। इस मार्ग पर उन्होंने पुलिस ड्यूटी बढ़ाने के भी निर्देश दिए, ताकि लोगों को कोई परेशानी न हो और किसी अप्रिय घटना के बाद राहत बचाव कार्य तेजी से किए जा सकें।