चारधाम यात्रा के दौरान केदारनाथ धाम के लिए संचालित होने वाली हेली सेवा के टिकटों की ऑनलाइन बुकिंग तेज हो गई है। दो दिन के भीतर ही करीब 3500 टिकटों की बुकिंग हो चुकी है। केदारनाथ यात्रा के लिए फिलहाल छह मई से 20 मई के बीच के लिए हेली सेवा का टिकट बुक करा सकते हैं।
केदारनाथ धाम के लिए गुप्तकाशी, फाटा और सिरसी से हेली सेवा संचालित की जाती है। कोरोना की स्थिति सामान्य होने के बाद इस साल चारधाम यात्रा को बड़े स्तर पर संचालित करने के लिए उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण की ओर से तैयारियां की गई हैं। हेली सेवाओं के टिकटों की ऑनलाइन बुकिंग के लिए गढ़वाल मंडल विकास निगम (जीएमवीएन) को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पहले दिन गढ़वाल मंडल विकास निगम (जीएनवीएन) की वेबसाइट खुलते ही दो घंटे भीतर 2140 टिकटों की बुकिंग हो गई। हेली सेवा के लिए श्रद्धालुओं के इस रुझान से ही साफ हो गया है कि इस बार चारधाम यात्रा में भारी संख्या में तीर्थयात्री पहुंचेंगे।
ये कंपनियां दे रही सेवाएं
सिरसी, फाटा, गुप्त काशी से नौ एविएशन कंपनियां हेली सेवा का संचालन कर रही हैं। जिसमें गुप्तकाशी से केदारनाथ के लिए एरो एयर क्राफ्ट और आर्यन एविएशन, फाटा से केदारनाथ के लिए पवन हंस, चिपसन एविएशन, थंबी एविएशन और पिनाक्ल एयर तथा सिरसी से केदारनाथ के लिए एरो एयर क्राफ्ट, हिमालयन हेली और केट्रल एविएशन की ओर से सेवाएं दी जा रही हैं।
गुप्तकाशी से केदारनाथ 7750 रुपये किराया
गुप्तकाशी से केदारनाथ 7750 रुपये, फाटा से 4720 रुपये और सिरसी से केदारनाथ 4680 रुपये किराया है। सचिव पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन दिलीप जावलकर ने बताया कि देश दुनिया से आने वाले तीर्थ यात्री जीएमवीएन की वेबसाइट
heliservices.uk.gov.in पर हेली सेवा की एडवांस बुकिंग करा रहे हैं।
ये भी पढ़ें...मन में कसक और कश्मकश में पूर्व सीएम: पता नहीं कांग्रेस मुझे अपने साथ कितने दिन रखेगी, जानिए ऐसा क्यों बोले हरीश रावत