जिला पंचायत प्रशासन जल्द यमुनोत्री पैदल मार्ग पर घोड़े व डंडी-कंडी का शुल्क तय करेगी। अभी मार्ग पर घोड़े व डंडी कंडी का संचालन व शुल्क संचालकों ने स्वयं ही तय किया है। जिला पंचायत प्रशासन का कहना है कि इस संबंध में प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
चारधाम यात्रा शुुरू हुए चार दिन से अधिक हो गए हैं, लेकिन जिला पंचायत प्रशासन ने यमुनोत्री पैदल मार्ग पर घोड़े व डंडी कंडी का संचालन की व्यवस्था अभी तक अपने हाथों में नहीं ली है। अभी मार्ग पर घोड़े संचालक व डंडी कंडी संचालक स्वयं ही इस व्यवस्था को संभाले हुए है।
जिला पंचायत की ओर से शुल्क भी तय नहीं किया गया है। जबकि यह पूरी व्यवस्था जिला पंचायत प्रशासन की होती है। जिला पंचायत के यात्रा चंदन सिंह का कहना है कि घोड़े व डंडी कंडी के संचालन की व्यवस्था जिला पंचायत अपने स्तर से शुरू करेगी।
चार दिन में एसओपी का पालन न करने वाले 7 वाहन लौटाए
पौड़ी पुलिस चारधाम यात्रा शुरू होने से अब तक एसओपी का पालन न करने वाले 7 वाहनों को श्रीनगर-कीर्तिनगर पुल चेक पोस्ट से वापस लौटा चुकी है। एसओपी का पालन न करने वाले यात्रा वाहनों को जिले की सीमा में प्रवेश नहीं करने दिया जा रहा है।
चारधाम यात्रा के मद्देनजर श्रीनगर क्षेत्र में बदरीनाथ हाईवे पर कीर्तिनगर पुल के छोर पर चेकपोस्ट स्थापित किया गया है। यात्रा में आने वाले वाहनों के कागजात चेक किए जा रहे हैं। एसएसपी पौड़ी पी. रेणुका देवी ने बताया कि 18 सितंबर से अब तक श्रीनगर चेकपोस्ट पर 318 वाहनों की चेकिंग की गई है। यहां राज्य सरकार की ओर से जारी एसओपी का पालन न करने वाले (उत्तराखंड चार देवस्थानम बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से अनिवार्य यात्रा ई-पास न लाने, कोविड वैक्सीन की दोनों डोज लगाने के 15 दिन के उपरांत प्रमाण पत्र साथ न लाने, जिन यात्रियों ने वैक्सीन की एक डोज या कोई डोज नहीं लगवाई हो, ऐसे यात्रियों को अधिकतम 72 घंटे पूर्व की आरपीटीसीआर/ ट्रूनेट/सीबीएनएएटी/आरएटी कोविड निगेटिव रिपोर्ट न लाने वाले) यात्रियों को लौटाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि एसओपी का पालन न करने पर चार दिन में सात वाहन लौटाए जा चुके हैं। एसएसपी ने यात्रियों से यात्रा पंजीकरण प्रमाण पत्र बनाते समय अपलोड किए गए दस्तावेजों को यात्रा के दौरान अपने पास सुरक्षित रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की पुलिस सहायता हेतु यात्री आपातकालीन नंबर-112 पर कॉल कर सकते हैं।