देवस्थानम बोर्ड भंग नहीं होने से गंगोत्री धाम के तीर्थ पुरोहितों में रोष है। उन्होंने सरकार के आश्वासन के बाद भी बोर्ड व एक्ट वापस नहीं होने पर सोमवार को गंगोत्री बंद रखने का निर्णय लिया है। रविवार को श्री पांच गंगोत्री मंदिर समिति से जुड़े तीर्थ पुरोहितों व हक हकूकधारियों ने बैठक कर देवस्थानम बोर्ड व एक्ट के मुद्दे पर चर्चा की।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि 11 सितंबर को सीएम के साथ हुई वार्ता में 30 अक्तूबर तक देवस्थानम बोर्ड भंग कर करने का आश्वासन दिया था लेकिन अब तक सरकार ने इस संबंध में कोई निर्णय नहीं लिया है।
बैठक में सभी ने सोमवार को गंगोत्री धाम में व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद करने, भागीरथी घाट पर होने वाले पूजा पाठ कार्य बंद रखने एवं 10 बजे रैली निकालने का निर्णय लिया। बैठक में सह सचिव राजेश सेमवाल, इंद्रदेव सेमवाल, संजय सेमवाल, गणेश सेमवाल, कमलनयन सेमवाल, आशाराम सेमवाल, अंबरीश सेमवाल, माधव सेमवाल, बद्रीप्रसाद सेमवाल आदि शामिल थे।