केदारनाथ यात्रा में हेलीकॉप्टर की उड़ान पर पैनी नजर रखी जा रही है। प्रशासन द्वारा धाम में सीसीटीवी कैमरा लगाया गया है, जिसमें हेलीकॉप्टर की प्रत्येक शटल की रिकार्डिंग की जा रही है। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पर लाइसेंस रद्द करने के साथ ही आगामी केदारनाथ यात्रा के लिए भी हेली कंपनी को बैन कर दिया जाएगा।
विज्ञापन
केदारनाथ में 9 अक्तूबर से 8 हेली कंपनियों द्वारा सेवा संचालित की जा रही है। बीते 14 दिन में हेलीकॉप्टर से इस दौरान ब्लैक टिकटिंग और वेटिंग को लेकर कई शिकायतें सामने आई हैं। कुछ हेली कंपनियों द्वारा हेलीकॉप्टर की शटल (चक्कर) की सही जानकारी न देने की सूचना भी प्रशासन को मिली है, जिसे देखते हुए केदारनाथ में सीसीटीवी कैमरा लगाया गया है।
डीएम वंदना सिंह ने बताया कि गुप्तकाशी, मैखंडा, शेरसी, फाटा से धाम के लिए उड़ान भर रहे प्रत्येक हेलीकॉप्टर पर नजर रखी जा रही है। साथ ही उनकी एक-एक शटल को रिकार्ड किया जा रहा है। किसी भी गड़बड़ी पर तत्काल प्रभाव से संबंधित हेली कंपनी का लाइसेंस रद्द किया जाएगा। साथ ही अगली बार के लिए भी बैन कर दिया जाएगा।