चंडीगढ़, शिमला जाने वाली बसों का शुक्रवार रात से रूट बदल दिया जाएगा। बसों को अब वाया सहारनपुर की बजाय पांवटा साहिब होकर जाएंगी जिससे समय ज्यादा लगने के साथ ही किराये में भी बढ़ोत्तरी हो जाएगी।
कांवड़ मेले में शनिवार को भीड़ बढ़ने की संभावना को देखते हुए रोडवेज प्रशासन की ओर से चंडीगढ़ व शिमला जाने वाली बसों को वाया पांवटा साहिब होकर भेजा जाएगा।
शुक्रवार को पंचक खत्म होने के बाद अनुमान लगाया जा रहा है कि शनिवार को कांवड़ियों की भीड़ बढे़गी जिसको देखते हुए प्रशासन ने हरिद्वार से शिमला, चंडीगढ़ जाने वाली बसों को वाया पांवटा साहिब भेजने का निर्णय लिया है।
किराया भी बढ़ा
शुक्रवार दोपहर से ही हरिद्वार से चंडीगढ़ शिमला जाने वाली बसों को सहारनपुर से वाया गंगोह के रास्ते भेजा गया जबकि पहले यह बसें वाया सरसावा होकर चंडीगढ़ जाती थीं।
हरिद्वार से चंडीगढ़ का किराया पहले वाया सहारनपुर 205 रुपये था, जो कि बढ़कर 262 हो गया है। वहीं हरिद्वार से शिमला वाया सहारनपुर का किराया पहले 364 था जो कि बढ़कर 426 हो गया है।
एजीएम का है कहना
कांवड़ियों की भीड़ बढ़ने के कारण शुक्रवार देर रात तक चंडीगढ़ व शिमला जाने वाली बसों को वाया पांवटा साहिब के रास्ते भेजा जाएगा। रूट बदलने से किराये में वृद्धि के साथ ही समय भी ज्यादा लगेगा।
-आलोक बनवाल, एजीएम हरिद्वार रोडवेज।