देहरादून। गढ़वाली रंगमंच और साहित्य को नई पहचान दिलाने वाले नाटककार ललित मोहन थपलियाल की 106वीं जयंती पर रविवार को आर्ट इंडिया अकादमी में वार्षिक स्मृति समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान रंगमंच की बदलती परिस्थितियों, चुनौतियों और भविष्य की संभावनाओं पर मंथन हुआ।
रंगमंच और फिल्म जगत से जुड़े श्रीश डोभाल ने पाषाणकाल से लेकर आधुनिक दौर तक रंगमंच की विकास यात्रा पर प्रकाश डाला। कहा कि इलेक्ट्रॉनिक मनोरंजन के बढ़ते साधन और मोबाइल के व्यापक इस्तेमाल से रंगमंच के सामने कई चुनौतियां खड़ी हुई हैं। समारोह में ललित मोहन थपलियाल की लघुकथाओं पर आधारित दो लघु फिल्में स्वप्नद्रष्टा और जग्गा गुंडा प्रदर्शित की गईं। दोनों फिल्मों का निर्देशन अंजना राजन ने किया, जबकि संगीत जीएस राजन ने दिया। थ्रू माय विंडो नाट्य समूह के कलाकारों ने फिल्मों में अभिनय किया। जग्गा गुंडा में दीपक सेठी, अनिल दत्ता, विजेता और बीना जयाल के अभिनय की सराहना हुई। 13 दिसंबर को देहरादून में उनके हिंदी नाटक स्वप्न और सत्य के मंचन की घोषणा भी की गई। इस दौरान प्रो. डीआर पुरोहित, डॉ. राकेश भट्ट और अजय जोशी आदि मौजूद रहे।