रेलवे स्टेशन में प्रशासनिक अधिकारी व कोतवाली पुलिस द्वारा बिना मास्क व बिना सोशल डिस्टेंसिंग के
- फोटो : DEHRADUN
देहरादून। सार्वजनिक स्थलों पर बिना मास्क पहनकर घूमने और सामाजिक दूरी का पालन न करने पर जिला प्रशासन और पुलिस की टीम ने जिले में 478 लोगों के चालान किए।
कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए जिलाधिकारी डॉ. आर. राजेश कुमार ने सिटी मजिस्ट्रेट और सभी उपजिलाधिकारियों को जिले में कोविड गाइडलाइन का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। इस पर जिला प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों द्वारा जनपद के विभिन्न स्थानों पर मास्क और सामाजिक दूरी का पालन न करने वालों के विरुद्ध अभियान चलाकर चालान की कार्रवाई की गई। साथ ही इसकी पुनरावृत्ति होने पर निर्धारित प्रावधानों के तहत कार्रवाई की भी चेतावनी दी। सिटी मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान द्वारा जिले के आशारोड़ी चेकपोस्ट और आईएसबीटी पर औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान बिना मास्क के घूम रहे लोगों के चालान किए गए। बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर मास्क का उपयोग करने के निर्देश दिए। सिटी मजिस्ट्रेट ने आशारोड़ी चेक पोस्ट पर जिले में प्रवेश करने वाले वाहनों को भी पुलिस की मदद से रोका। जिन लोगों ने वाहनों में मास्क नहीं पहने थे उनके भी चालान किए गए। सिटी मजिस्ट्रेट द्वारा नगर क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस के सभी क्षेत्राधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर अभियान चलाते हुए मास्क और सामाजिक दूरी का पालन न करने वालों के विरूद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसी तरह, उपजिला मजिस्ट्रेट रविंद्र जुवांटा द्वारा पलटन बाजार और एजीएम रेलवे विभाग द्वारा रेलवे स्टेशन पर अभियान चलाते हुए मास्क का प्रयोग और सामाजिक दूरी का पालन न करने वालों के विरुद्ध अभियान चलाया गया। कोविड गाइडलाइन का उल्लंघन करने पर प्रेमनगर थाना क्षेत्र में 30, डालनवाला में 42, राजपुर में 35, नेहरू कॉलोनी में 44, रायपुर में 73, वसंत विहार में 27 और कैंट थाना क्षेत्र में 69 के चालान किए गए। जबकि, आशारोड़ी चेक पोस्ट पर 70, आईएसबीटी में 40, रेलवे स्टेशन पर 30, पलटन बाजार में 18 लोगों के चालान किए गए। जिलाधिकारी डॉ. आर. राजेश कुमार ने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रखा जाएगा।