सीबीआई के पास शिकायतकर्ता है, लेकिन जांच की अनुमति नहीं
राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन (एनआरएचएम) के तहत वर्ष 2008-09 में दवाओं की खरीद मामले के दोषियों के खिलाफ सीबीआई मुकदमा दर्ज नहीं कर पा रही है। सीबीआई के पास तमाम दस्तावेज के साथ संबंधित विभाग की शिकायत है, लेकिन मुकदमा दर्ज करने की अनुमति केंद्र से नहीं मिल रही।
यह घोटाला भाजपा सरकार के कार्यकाल में हुआ था और इस समय केंद्र में भी भाजपा सरकार है। जब तक केंद्र नोटिफिकेशन जारी नहीं करेगा तब तक सीबीआई आरोपियों तक नहीं पहुंच सकती। गौरतलब है कि राज्य सूचना आयुक्त अनिल शर्मा की सिफारिश पर राज्य सरकार ने सीबीआई जांच की संस्तुति की थी।
रिप्रोडेक्टिव चाइल्ड केयर (आरसीएच) के तहत वर्ष 2008-09 में 14.7 करोड़ रुपये का बजट मिशन के तहत स्वीकृत हुआ था। इसमें लगभग साढ़े ग्यारह करोड़ रुपये की दवा खरीद हुई थी। खरीदी गई दवाएं सभी जनपदों में बांटी जानी थी, लेकिन रुड़की ड्रग वेयर हाउस में 22 लाख रुपये की एक्सपायर्ड दवाओं की खेप मिली थी।