जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों के तहत जिले में जनगणना की प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संचालित की जाएगी। इसके अंतर्गत 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना की व्यवस्था रहेगी। इस दौरान आम नागरिक स्वयं अपनी और अपने परिवार से संबंधित आवश्यक जानकारियां जनगणना प्रक्रिया के तहत दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद एक दिसंबर से चार जनवरी 2027 तक जनगणना कार्मिक घर-घर जाकर जनगणना का कार्य संपन्न करेंगे।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं जिला जनगणना अधिकारी कृष्ण कुमार मिश्रा ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि जनगणना के द्वितीय चरण को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जनगणना की प्रक्रिया और स्व-गणना के महत्व के संबंध में आमजन को जागरूक किया जाए। इसके लिए व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक नागरिक निर्धारित अवधि में स्व-गणना प्रक्रिया में भागीदारी कर सकें।