गोल्डन फॉरेस्ट जमीन घपले में दिल्ली से आई सीबीआई की टीम ने दून में छापेमारी की है। मामले की जांच-पड़ताल करने के बाद टीम लौट गई। सीबीआई टीम ने पुलिस और प्रशासन से इस बारे में जानकारी जुटाई है।
गोल्डेन फॉरेस्ट जमीन घोटाला
केंद्रीय मुख्यालय दिल्ली से आई सीबीआई टीम ने तीन दिन पहले यहां आकर गोल्डन फॉरेस्ट के अरबों रुपये के जमीन घोटाले को लेकर जांच पड़ताल की। सहस्रधारा रोड और राजपुर क्षेत्र की जमीन का रेकार्ड खंगालने के साथ लोगों से पूछताछ की।
पुलिस और राजस्व अधिकारियों से भी जानकारियां जुटाई हैं। उत्तराखंड के अलावा हरियाणा, चंडीगढ़ और हिमाचल प्रदेश में सीबीआई की कार्रवाई की खबर है।
दून मुख्यालय ने किया इनकार
बता दें कि गोल्डन फॉरेस्ट ने निवेशकों से मोटी रकम जुटाते हुए जमीन खरीदने का लालच दिया था, लेकिन बीच में कंपनी बंद होने से निवेशकों की बड़ी रकम डूब गई थी। घोटाले की जांच सीबीआई कर रही है। हालांकि, दून का सीबीआई मुख्यालय इस बारे में कोई भी जानकारी होने से इनकार कर रहा है।