कंफैडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री (सीआईआई) से संबद्ध यंग इंडियन, देहरादून चैप्टर की ओर से आज आयोजित होने वाली कार रैली में तेज रफ्तार वाहन नहीं, तेज दिमाग चलाने वाले को विजेता की ट्रॉफी मिली। इस प्रतियोगिता में मयूर की टीम ने विजेता का खिताब जीता।
मोबाइल पर एक एप डाउनलोड करना होगा
सभी प्रतिभागियों को मोबाइल पर एक एप डाउनलोड की, जिसमें उन्हें कुछ क्लू दिए गए। उनके आधार पर उन्हें रास्ता खोजना था। प्रतिभागी अधिकतम 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से ही वाहन चला सकते थे। अमर उजाला लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से हो रहे इस आयोजन का मीडिया पार्टनर रहा।
यंग इंडियन देहरादून चैप्टर के अध्यक्ष राहुल सिंघल ने बताया कि सुबह आठ बजे सभी प्रतिभागी कार्यक्रम स्थल मालसी स्थित सॉलिटियर फॉर्म्स पहुंचे। यहां टपरवेयर के डायरेक्टर श्यामल चटर्जी, सीआईआई के चेयरमैन विपुल डाबर और एसएसपी जन्मजेय खंडूरी ने सुबह नौ बजे रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
बताया कि रैली के दौरान चालकों को मोबाइल एप के जरिये सभी दिशा-निर्देश मिलते रहे, जिसका पालन करते हुए उन्हें नंदा की चौकी स्थित एलपी विलास पहुंचना था। जैसे ही किसी प्रतिभागी ने क्लू को सॉल्व किया, उसके मोबाइल पर ग्रीन मैसेज पहुंच गया।
रैली का उद्देश्य लोगों को सुरक्षित यातायात के लिए जागरूक करना
उपाध्यक्ष हर्षित गुप्ता ने बताया कि कोरोना को देखते हुए किसी भी तरह के कागज या स्पर्श से बचने का प्रयास किया गया। यही कारण है कि सभी तरह के दिशा निर्देश और क्लू मोबाइल एप के जरिए ही दिए गए। उन्होंने बताया कि रैली का उद्देश्य लोगों को सुरक्षित यातायात के लिए जागरूक करना है।
साथ ही उनमें यातायात सुरक्षा की आदत विकसित करने का प्रयास भी किया जाएगा। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के अनुसार, सड़क दुर्घटनाओं में हर साल लाखों लोग अपनी जान गंवाते हैं या गंभीर रूप से घायल होते हैं। इतने बड़े पैमाने पर होने वाली सड़क दुर्घटनाओं का सबसे प्रमुख कारण सड़क पर होने वाली लापरवाही, तेज रफ्तार, नशा कर वाहन चलाना, असावधानी से लेन बदलना, सीट बेल्ट न पहनना है।