दून के ईसी रोड पर सोमवार शाम बेकाबू कार ने कहर बरपाया। पांच वाहनों को क्षतिग्रस्त करते हुए कार ब्यूटी पार्लर में जा घुसी। मौके पर मौजूद तीन युवतियों समेत पांच लोग घायल हो गए। उत्तेजित लोगों ने कार चालक से मारपीट कर दी।
कारोबारी राजपाल वालिया का ड्राइवर फरीद सोमवार शाम कार को लेकर ईसी रोड से गुजर रहा था। अचानक कार बेकाबू हो गई। चालक एक दूसरे को बचाने के चक्कर में कई वाहनों से टकराता चला गया। कार पहले एक टैंपो से टकराई।
कई घायल
इसके बाद दो स्कूटी और दो कारों को क्षतिग्रस्त करते हुए तेजी से ब्यूटी पार्लर में जा घुसी, जिससे कार का शीशा चकनाचूर हो गया। हादसे में ताहिर निवासी ईसी रोड, रुखसार कुरेशी, रायपुर रोड, आरुषि चौहान निवासी चकराता रोड, नीलू निवासी डालनवाला और नाहिद सलमानी को चोटें आई हैं।
गनीमत रही कि कार दीवार से टकराकर थम गई, अन्यथा हादसा बड़ा हो सकता था। गुस्साए लोगों ने चालक फरीद को पकड़ लिया। मारपीट कर उसे घायल कर दिया।
इंस्पेक्टर अनिल जोशी का कहना है कि कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। मेडिकल में चालक के शराब पीने की पुष्टि नहीं हुई है।