तीन अगस्त को हुए आईटीआई के तीसरे सेमेस्टर इलेक्ट्रीशियन ट्रेड का बैक पेपर दोबारा कराया जाएगा। प्रश्न पत्र सिलेबस से बाहर से आने पर देशभर में 11 अगस्त को दोबारा पेपर कराने का फैसला लिया गया है। केंद्र सरकार के स्किल डेवलपमेंट इंटर्नशिप डायरेक्टर जनरल ऑफ ट्रेनिंग की ओर से नई गाइड लाइन जारी होने पर आईटीआई ने दोबारा पेपर की तैयारी शुरू कर दी है।
आईटीआई की सेमेस्टर परीक्षा एक अगस्त से शुरू हुई है। तीन अगस्त को तीसरे सेमेस्टर का इलेक्ट्रीशियन ट्रेड का पेपर कराया गया था। उसी दौरान परीक्षार्थी पेपर को आउट ऑफ सिलेबस बता रहे थे। इस मामले का स्किल डेवलपमेंट इंटर्नशिप डायरेक्ट्रेट जनरल ऑफ ट्रेनिंग ने संज्ञान लिया है। डायरेक्टर एमसी शर्मा की ओर से उत्तराखंड सहित सभी राज्यों को जारी पत्र के मुताबिक 11 अगस्त को दोबारा बैक पेपर कराने का निर्णय लिया गया।
इनका है कहना
तीन अगस्त को कराया गया तीसरे सेमेस्टर का पेपर अब 11 अगस्त को दोबारा कराया जाएगा। शासन की मार्फत दिल्ली से ऐसे निर्देश मिले हैं। राजकीय और प्राइवेट आईटीआई के परीक्षार्थियों को इसकी सूचना दी जा रही है।
-मनमोहन कुड़ियाल, प्रधानाचार्य, राजकीय आईटीआई जगजीतपुर