समूह ‘ग’ के तहत विभिन्न विभागों में रिक्त करीब 1500 से अधिक पदों की भर्ती परीक्षा के लिए पाठ्यक्रम का असमंजस दूर हो गया है। अभ्यर्थियों के आग्रह करने पर अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने विषय विशेषज्ञों से परामर्श लेकर सोमवार को वेबसाइट पर पाठ्यक्रम जारी किया है।
अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट पर यूजफुल इनफॉरमेंशन पेज पर पाठ्यक्रम को देख सकते हैं। रिक्त पदों के विज्ञापन और परीक्षा कार्यक्रम में पाठ्यक्रम स्पष्ट न होने से अभ्यर्थियों में परीक्षा में पूछे जाने वाले सवालों को लेकर संशय बना हुआ था।
वर्ष 2015-16 में आयोग ने सहायक अध्यापक (एलटी) के 1214 पदों, अवर अभियंता के 171, कंप्यूटर प्रोग्रामर कम ऑपरेटर के 44, उद्यान पर्यवेक्षक के 84 पदों के विज्ञप्ति जारी की। इन पदों के लिए लगभग 80 हजार अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है।