चिह्नित राज्य आंदोलनकारी संयुक्त समिति के केंद्रीय मुख्य संरक्षक और उत्तराखंड कांग्रेस के उपाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप ने सभी आंदोलनकारियों से आठ अगस्त को ‘देहरादून चलो’ का आह्वान किया। कहा कि कई ज्ञापन देने व शांति वार्ता किए जाने के बावजूद सरकार आंदोलनकारियों की मांगों को लेकर गंभीर नहीं है। इसलिए अब मुख्यमंत्री आवास घेराव का फैसला लिया गया है।
सोमवार को धीरेंद्र प्रताप ने कहा है कि अब समय आ गया है कि आंदोलनकारी एक बार फिर से गैरसैंण को स्थाई राजधानी बनाए जाने, उत्तराखंड में लोकायुक्त की नियुक्ति, उत्तराखंड में सख्त भू- कानून बनाने जैसी मांगों को लेकर संगठित हों। कहा कि इसी उद्देश्य से 8 अगस्त को राज्य आंदोलनकारियों के संयुक्त संगठन ने मुख्यमंत्री आवास कूच का आह्वान किया है। उन्होंने आंदोलनकारियों से एक दिन का समय दान कर देहरादून आने और अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाने का आह्वान किया है।