नागरिकता संशोधन अधिनियम यानी सीएए के विरोध और समर्थन में होने वाली रैलियों, जुलूस, प्रदर्शन आदि को देखते हुए प्रशासन ने हरिद्वार जिले में धारा 144 लागू कर दी है, जो रविवार को शाम पांच बजे तक प्रभावी रहेगी। सिटी मजिस्ट्रेट जगदीश लाल की ओर से शनिवार को दोपहर बाद इस संबंध में आदेश जारी कर दिए गए। उधर, डीजी एलओ अशोक कुमार ने कहा कि देहरादून में पुलिसकर्मियों की छुट्टियों पर फिलहाल रोक लगा दी गई है। केवल विशेष परिस्थिति में ही अवकाश स्वीकृत करने के निर्देश दिए गए हैं।
हरिद्वार में इस दौरान शहर में किसी तरह का भी जुलूस, धरना, प्रदर्शन, सभा नहीं हो सकेगी। सीएए के विरोध में भीम आर्मी ने रविवार को पुल जटवाड़ा ज्वालापुर से चंद्राचार्य चौक तक रैली निकालने का एलान किया था। उसकी ओर से पूर्वाह्न 11 बजे कार्यकर्ताओं को पुल जटवाडा पर एकत्र होने का समय दिया गया था।
उधर, बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद की ओर से अधिनियम के समर्थन में पूर्वाह्न 11 बजे ऋषिकुल मैदान से चंद्राचार्य चौक तक रैली निकालने की घोषणा की जा चुकी है। हिंदू जागरण मंच ने भी गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय कैंपस से चंद्राचार्य तक समर्थन में रैली निकालने की घोषणा की थी। सिटी मजिस्ट्रेट जगदीश लाल के अनुसार धारा 144 रविवार शाम पांच बजे तक लागू रहेगी, अगर आवश्यकता पड़ी तो इसकी समयावधि बढ़ाई भी जा सकती है।
उधर, एसएसपी सैंथिल अबुदई कृष्ण राज एस ने कहा कि किसी को भी कानून व्यवस्था बिगाड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने, किसी भी तरह की अफवाहों में न आने की अपील की। कहा कि धारा 144 का सख्ती से पालन कराया जाएगा।
धारा 144 तोड़ी तो सख्ती से निपटेगी पुलिस
नागरिकता संशोधन अधिनियम को लेकर हो रहे विरोध के मद्देनजर पुलिस ने कमर कस ली है। एसएसपी सेंथिल अबूदई कृष्णराज एस ने शनिवार को ज्वालापुर कोतवाली में मुस्लिम समाज के वरिष्ठ नागरिकों और नेताओं के साथ बैठक की। अपील की कि युवा वर्ग को किसी भी तरह के रैली प्रदर्शन से दूर रखा जाएा।
चेताया भी कि अगर धारा 144 का उल्लंघन किया गया तो पुलिस सख्ती से निपटेगी। उधर, एसपी सिटी कमलेश उपाध्याय ने भी सीसीआर में अपने कार्यालय में अधीनस्थों की बैठक ली। रविवार को धारा 144 के मद्देनजर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस दौरान एसडीएम कुश्म चौहान, एएसपी आयुष अग्रवाल, सीओ सिटी अभय प्रताप सिंह आदि भी मौजूद रहे।
शांति मार्च निकाल सीएए का किया समर्थन
वहीं लक्सर में नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के समर्थन में शनिवार को क्षेत्र के हिंदू संगठनों के युवाओं ने शांति मार्च निकाला। इसके बाद उन्होंने एसडीएम कार्यालय में प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। इस दौरान सीएए को देश के लिए सही बताया।
स्वदेशी जागरण मंच, जिला संघर्ष वाहिनी समेत अनेक हिंदू संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता गोवर्धनपुर रोड पर जुटे। इसके बाद उन्होंने बालावाली तिराहा, रायसी रोड से तहसील मुख्यालय तक शांति मार्च निकाला।
यह ऐतिहासिक निर्णय है
उनका कहना था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में यह ऐतिहासिक निर्णय हुआ है। इससे उन लाखों परिवारों को सम्मान और सुखी जीवन मिलेगा, जो अभी तक भारत में रहकर नागरिक अधिकारों से वंचित थे।
उन्होंने कहा कि कुछ गैर राजनीतिक पार्टियां लोगों को भड़काकर राजनीति कर रही हैं। जो लोग समाज में भ्रम पैदाकर देश के संप्रदायिकता को आग में झोंकने का काम कर रहे हैं, उनका मंसूबा कामयाब नहीं होने दिया जाएगा।
ज्ञापन देने वालों में आदित्य चौधरी, आदित्य नागर, नागपाल सिंह नागर, श्याम पाल सिंह, देवेंद्र कुमार, अशोक कुमार, सुधीर, सुबोध, लेखराज सिंह, मास्टर कुशल पाल सैनी, विनय सिंह, मनोज कुमार, जयपाल सिंह, अमित कुमार, सुरेंद्र कुमार, देवेंद्र कुमार आदि उपस्थित थे।
सीएए के विरोध में उतरे भगवानपुर के ग्रामीण
भगवानपुर क्षेत्र के ग्रामीण भी शनिवार को नागरिक संशोधन कानून यानी सीएए के विरोध में उतर आए। उन्होंने भगवानपुर विधायक ममता राकेश की अगुवाई में एसडीएम कार्यालय पर प्रदर्शन किया। साथ ही एसडीएम के जरिये राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजकर सीएए को वापस लिए जाने की मांग की।
एसडीएम संतोष कुमार पांडेय के कार्यालय पर प्रदर्शन करते हुए विधायक ममता राकेश ने कहा कि भाजपा सरकार गलत नीतियों को अपना रही है। जो देश का माहौल और आपसी सौहार्द्र बिगाड़ने वाली हैं। विधायक ने कहा कि सरकार का ध्यान युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने में नहीं है। वह केवल लोगों को बांटने काम कर रही है। इस दौरान सुशील पेंगोवाल, सेठपाल परमार, उस्मान, राव फरमूद, नासिर परवेज, अभिषेक राकेश व मनव्वर आदि मौजूद रहे।
सीएए के समर्थन में आए वकील
भगवानपुर में वकीलों ने सीएए का समर्थन किया। उन्होंने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम संतोष कुमार पांडेय को सौंपा। ज्ञापन में कहा कि कुछ लोग इस कानून का विरोध कर रहे हैं, जबकि यह देश हित में है। इस दौरान शीशपाल, अमित शर्मा, सचिन कुमार, अनुभव चौधरी, पवन त्यागी, संजीव कुमार सैनी, पल्टूराम, संजीव, संजय, सुनील धीमान, हंसराज सैनी, हिमांशु, अनिल आदि मौजूद रहे।
पुलिस ने यातायात प्लान किया लागू
ज्वालापुर में भीम आर्मी के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए यातायात प्लान लागू कर दिया गया है। सुबह आठ बजे से भारी वाहन पूरे जिले में पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेंगे। हाईवे के राईस मिल तिराहे से लेकर पुल जटवाड़ा तक दोपहिया और चौपहिया कोई भी वाहन नहीं जाने दिए जाएंगे। ठीक इसी तरह श्यामनगर तिराहे से भी जटवाड़ा पुल की तरफ वाहन नहीं जा सकेंगे।
रुड़की की ओर से आ रही रोडवेज की बसें भी पुल जटवाड़ा की तरफ नहीं जा सकंगी, वह सीधे सीधे निर्माणाधीन फ्लाईओवर से होते हुए बस अड्डे पहुंचेगी। यही व्यवस्था हरिद्वार की ओर से जा रही हर बसों पर भी लागू होगी। वहीं शहर के अंदर पांवधोई की तरफ से आ रहे वाहन जटवाड़ा पुल की तरफ नहीं जा सकेंगे, उन्हें थाने के आगे से होते हुए श्यामनगर तिराहे की तरफ भेजा जाएगा। आर्यनगर चौक से भी वाहन पुल जटवाड़ा की तरफ नहीं जा सकेंगे।
यदि डायवर्जन प्लान लागू होता है तो रुड़की की ओर से आ रहे सभी वाहन ख्याति ढाबा बहादराबाद, भेल तिराहा, सलेमपुर पिकेट से सिडकुल बाईपास होते हुए जा सकेंगे। वहीं, हरिद्वार से रुड़की की तरफ जाने वाले वाहन सिंहद्वार, देशरक्षक तिराहा, जगजीतपुर, लक्सर होते हुए जा सकेंगे।