चकराता रोड पर अतिक्रमण कर विक्रम स्टैंड बनाए जाने से नाराज व्यापारियों ने बृहस्पतिवार को इसके खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इन व्यापारियों का कहना है कि पुलिस ने मनमाने तरीके से विक्रम स्टैंड बनाया है, इसकी वजह से आए दिन जाम की स्थिति रहती है और इसकी वजह से दुकानों में ग्राहक कम हो गए हैं।
चकराता रोड पर जाम की समस्या खत्म करने को लेकर कुछ साल पहले व्यापक स्तर पर ध्वस्तीकरण अभियान चलाया गया था। ताकि भविष्य में इस रोड का सुंदरीकरण किया जा सके। पर आज स्थिति इसके ठीक उलट है। लोगों का आरोप है कि जिस पुलिस के पास रोड पर यातायात सुगम करने की जिम्मेदारी है वही इस रोड पर अतिक्रमण करवा रही है।
पुलिस पर लगाया आरोप
व्यापारियों ने बताया कि कुछ पुलिसकर्मियों ने विक्रम स्टैंड के पक्ष में पैरवी भी की, पर व्यापारियों ने साफ शब्दों में मना कर दिया। व्यापारी विक्रम स्टैंड का विरोध कर रहे हैं।
चकराता रोड निवासी दीपेंद्र दत्त चंदोला का कहना है कि पुलिस ने उनसे बिना वार्ता किए मकान के सामने विक्रम स्टैंड की व्यवस्था कर दी। इसकी वजह से कोई भी उनकी दुकान किराये पर लेने को तैयार नहीं है। वहीं विक्रम चालक भी मनमानी करने लगे हैं तीन के बजाय कभी सात तो कभी दस विक्रम स्टैंड पर खड़ी कर रहे हैं।
इनका है कहना
सड़क चौड़ीकरण के बाद परेशानी कम होने के बजाय बढ़ गई है। पुलिस दुकान के सामने बाइक खड़ी नहीं होने देती। अगर कोई ग्राहक गलती से वाहन खड़ा करता है तो पुलिस चालान काट देती है। पर यही पुलिस विक्रम वालों पर दरियादिली दिखा रही है। जो कि सरासर गलत है।
-वत्सल, दुकानदार चकराता रोड
विक्रम स्टैड से पहले पुलिस को एक बार दुकानदारों से सलाह लेनी चाहिए थी। स्टैंड की वजह से दुकान के सामने दिनभर कोई ना कोई विक्रम खड़ा रहता है। जिससे ग्राहकों को दुकान नहीं दिखता है। आने वाले समय में विक्रम वाले इस जमीन पर अपना हक दिखाकर स्टैंड के लिए कब्जा कर लेंगे।
-राजेन्द्र विरमानी, विरमानी कम्यूनिकेशन चकराता रोड
दुकान के सामने दिनभर विक्रम वाले खड़े रहते हैं। सवारी चढ़ाने उतारने के चक्कर में शोर शराबा करते हैं और प्रदूषण भी फैला रहे हैं। इस सड़क पर विक्रम स्टैंड का कोई औचित्य ही नहीं है। स्टैंड नहीं हटा तो व्यापारी इसका पुरजोर विरोध करेंगे।
-राशिद, मंसूरी ट्रेलर्स
व्यापारियों को उम्मीद थी कि चकराता रोड का सुंदरीकरण होगा। यहां पर जाम नहीं लगेगा। पर पुलिस अब खुद अतिक्रमण कर रही है। किसी की दुकान के सामने विक्रम स्टैंड करना गलत है। यहां पर कभी दो विक्रम वाले खड़े होते हैं तो कभी सात आठ। इससे जाम लगता है।
-राजेश गोयल, महामंत्री चकराता शॉप कीपर्स एंड रेजीडेंस वेलफेयर सोसाइटी
पुलिस ने यह व्यवस्था अस्थाई के रूप में बनाई है। इस व्यवस्था से यात्रियों को ज्यादा पैदल नहीं चलना पड़ता है। विक्रम स्टैंड के लिए दूसरी जगह तलाशी जा रही है, जैसे ही जगह मिलेगी विक्रम स्टैंड शिफ्ट कर दिया जाएगा।
-डॉ सदानंद दाते, एसएसपी