अलग-अलग कंपनियों में पैसा लगाकर अधिक से अधिक लाभांश दिलाने का झांसा देकर पांच करोड़ रुपये की ठगी करने वाले एक पुरुष और महिला को विकासनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। ठगी करने वाले महिला और पुरुष पिछले कई महीनों से फरार चल रहे थे। ठगी के इस मामले की जांच एसटीएफ के माध्यम से की जा रही है। कुछ लोग इन्हें बंटी-बबली कह रहे हैं। मालूम हो कि फिल्म में बंटी और बबली नाम के पात्र भी ठगी करते हैं।
विकासनगर के ढालीपुर में कार्यालय खोलकर मुंबई के लोखंडवाला आजादनगर निवासी कैलाश खत्री पुत्र प्रेम सिंह और शताक्षी शुभम पुत्री अमरीश कुमार ने देहरादून से लेकर पछवादून तक के कई लोगों से पांच करोड़ से अधिक की ठगी की थी। इस संबंध में देहरादून के विशाल कॉलोनी बजंरावाला निवासी प्रवीण गुंसाई पुत्र सूरत सिंह गुंसाई ने सितंबर 2021 में विकासनगर कोतवाली में तहरीर देकर दोनों के विरुद्ध ठगी का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस को दी गई तहरीर में वादी ने कहा था कि आरोपी महिला और पुरुष विभिन्न कंपनियों में पैसा लगाने के नाम पर क्षेत्रवासियों से पांच करोड़ रुपये एकत्रित करके फरार हो गए हैं। तहरीर में कहा गया है कि आरोपियों ने उनके कहने के मुताबिक पैसा देने वाले ग्राहकों को तीन माह तक लाभांश की रकम लौटाकर अपना विश्वास जमाने का प्रयास भी किया। विश्वास जमने और अधिक धन एकत्र होने पर दोनों आरोपी कार्यालय बंद करके फरार हो गए। ठगी के मामले की जांच एसटीएफ को सौंपी गई थी। विकासनगर कोतवाली प्रभारी रविंद्र शाह ने बताया कि एसटीएफ और विकासनगर पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सर्विलांस और मुखबिरों का सहारा लिया। इसके आधार पर दोनों आरोपियों को तेलांगना के हैदराबाद स्थित होटल अमीरपेट से गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि आरोपियों को हैदराबाद के नामीपाली एसीसीएम कोर्ट से ट्रांजिट रिमांड पर विकासनगर थाना लाया गया। आरोपियों से पूछताछ के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा। आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली टीम में एसटीएफ के निरीक्षक महेश्वर प्रसाद पूर्वाल, महिला उपनिरीक्षक प्रतिभा, योगेंद्रसिंह, दीपक कुमार, रईस शामिल रहे।