यात्रियों की संख्या बढ़ने की वजह से परिवहन निगम की आय में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक परिवहन निगम की दैनिक आय एक करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। परिवहन निगम महाप्रबंधक संचालन आरपी भारती ने बताया कि दीपावली के मद्देनजर फिलहाल 100 अतिरिक्त बसें संचालित की जा रही हैं। जरूरत पड़ने पर बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी।
नई दिल्ली जाने वाली वॉल्वो में सिर्फ 50 फीसदी यात्री
बरेली, मुरादाबाद व लखनऊ जाने वाली साधारण बसों में जहां सीटों को लेकर मारामारी है वहीं, देहरादून से नई दिल्ली जाने वाली वॉल्वो बसों में यात्रियों की संख्या अभी भी 50 फीसदी है। ऐसे में वॉल्वो बसों को 50 फीसदी यात्रियाें के साथ ही रवाना किया जा रहा है।
आईएसबीटी के कारोबारियों के चेहरे खिले
दीपावली पर आईएसबीटी पर यात्रियों की भीड़ बढ़ने के साथ कोरोना संकट के बीच पिछले आठ महीने से गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रहे कारोबारियों के चेहरों पर भी खुशी लौट आयी है।
कारोबारी मोहन नेगी, राहुल नेगी व सूर्यकांत चौहान का कहना है कि कोरोना संकट के चलते बसोें का संचालन सात माह तक ठप होने से उनकी आर्थिक स्थिति चरमरा गई है। अब बसाें का संचालन शुरू होने और दीपावली पर यात्री आने से कारोबार पटरी पर लौट रहा है।