लोकसभा चुनाव के मद्देनजर काला धन पकड़ने की मुहिम के तहत शनिवार शाम बसपा नेता की कार से बरामद 12 लाख रुपए जब्त कर लिए गए।
ऋषिकेश में भी पकड़े गए थे 12 लाख
स्टेटिक सर्विलांस टीम ने आशारोड़ी चेकपोस्ट पर चेकिंग के दौरान यह रकम पकड़ी गई। तीन दिन में बड़ी रकम पकड़ने की यह दूसरी कार्रवाई है। इससे पहले ऋषिकेश में भी 12 लाख रुपये पकड़े गए थे।
चुनाव आयोग के निर्देश पर गठित स्टेटिक सर्विलांस टीम शनिवार शाम दिल्ली रोड पर आशारोड़ी चेकपोस्ट के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी।
इस दौरान दिल्ली से मारुति स्विफ्ट कार में आ रहे दून के टैगोर विला निवासी तौसिफ खान को रोका गया। तलाशी में पुलिस को एक-एक हजार रुपये की 12 गड्डियां मिली।
एसडीएम मोहन सिंह बरानिया, एआरटीओ रामप्रकाश ने तौसिफ से इस रकम के बारे में पूछताछ की। संतोषजनक जवाब न मिलने पर इस रकम को जब्त करने की कार्रवाई की गई है।
एसडीएम ने बताया कि आयकर विभाग को इस बाबत की जानकारी दे दी गई है। गौरतलब है कि तौसिफ खान दून नगर निगम का मेयर पद का चुनाव भी लड़ चुके हैं।
प्रॉपर्टी के लिए निकाली रकम
तौसिफ खान का कहना है कि वह प्रॉपर्टी खरीदने के लिए दिल्ली गए थे। उन्होंने वहीं बैंक में यह रकम निकाली थी।
तौसिफ के मुताबिक सौदा नहीं होने पर वह रुपए लेकर घर लौट रहे थे। इस राशि का चुनाव से लेना-देना नहीं है। तौसिफ का कहना था कि वह लंबे समय से प्रॉपर्टी डीलिंग का काम कर रहे हैं।
तौसिफ से गिनवाए नोट
स्टेटिक सर्विलांस टीम ने जब्त किए गए 12 लाख रुपए की रकम पूरी तसल्ली से गिनी गई। खुद तौसिफ खान से भी नोटों की गिनती कराई गई।