नेपाल सीमा से लगे निडिल के पास जाख जुजरी में एक कार बेकाबू होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में मां और बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक पवन गंभीर रूप से घायल हो गया। डॉ. रवींद्र बोहरा ने बताया कि पवन की गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। कार में तीन लोग सवार थे।
थानाध्यक्ष मनीष खत्री ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 11 बजे ममता गिरि (21) पत्नी आकाश गिरि निवासी इंद नवाबगंज, बरेली अपने डेढ़ साल के बेटे प्रियांशु का चमदेवल अस्पताल में इलाज करवाने के बाद सेंट्रो कार (यूए 04-3779) से अपने मायके निडिल गांव जा रही थी।
निडिल के पास जाख जुजरी में कार करीब 300 मीटर खाई में जा गिरी। इससे ममता और उसके बेटे प्रियांशु की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार चालक पवन सामंत (26) पुत्र नारायण सामंत निवासी निडिल गंभीर रूप से घायल हो गया।
गदरपुर में ग्राम खानपुर पश्चिम में केलाखेड़ा की ओर जा रही पॉपलर की लकड़ी से ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली (यूके 06 वाई 7796) ने सोमवार रात करीब आठ बजे सड़क किनारे खड़े छत्रपाल के सात साल के बेटे विवेक को कुचल दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने वाहन का पीछा कर उसे रोक लिया और सभी टायरों की हवा निकाल दी। इसके बाद ग्रामीणों ने ट्रॉली के चालक की जमकर धुनाई लगा दी। इस बीच सूचना पर थानाध्यक्ष ललित मोहन जोशी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और किसी तरह चालक को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाया। गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। देर रात काफी समझाने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और चालक को हिरासत में ले लिया। स्थिति बिगड़ी देख थाना प्रभारी ने घटना से उच्चाधिकारियों को भी अवगत कराया।
इसके बाद केलाखेड़ा और आसपास के थाना क्षेत्रों से पुलिस फोर्स को गांव में तैनात कर दिया गया। देर रात सीओ महेश बिन्जौला और तहसीलदार जेपी गौड़ और एसडीएम विवेक प्रकाश भी मौके पर पहुंच गए थे। समाचार लिखे जाने तक स्थिति तनावपूर्ण, लेकिन नियंत्रण में थी। फिलहाल पुलिस को मामले की तहरीर नहीं सौंपी गई थी।