देहरादून। जिले में स्तन कैंसर की जांच के लिए राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल की ओर से पहल की गई हैं। इसके तहत जिले के सभी अस्पतालों में शिविर लगाकर जांच कराई जाएगी।
प्राचार्य डॉ. आशुतोष सयाना के निर्देश पर नोडल अफसर डॉ. नेहा महाजन ने इसके लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं। डॉ. नेहा महाजन ने बताया कि इसके लिए दिन तय कर लिए गए हैं। इसतके तहत 14 जनवरी को उप जिला अस्पताल प्रेमनगर, 21 जनवरी को राजकीय जिला अस्पताल के गांधी अस्पताल परिसर और 28 जनवरी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रायपुर में स्तन कैंसर की जांच की जाएगी। राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) महेंद्र सिंह भंडारी ने बताया कि मेमोग्रॉफी मोबाइल वैन मौके पर भेजी जाएगी। विशेषज्ञ डॉक्टर भी इस संबंध में महिलाओं और उनके तीमारदारों को परामर्श देंगे। इसके अतिरिक्त अगर कोई सरकारी अस्पताल शिविर लगाना चाहता है तो वहां पर भी सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।