जम्मू-कश्मीर के पंचायत प्रतिनिधियों का दल शनिवार को मसूरी पहुंचा। यहां पंचायत प्रतिनिधियों ने मसूरी की माल रोड की सैर की और उत्तराखंड की पंचायती राज व्यवस्था की बारीकियां समझीं।
कश्मीर क्षेत्र के खंड विकास अधिकारी मंजूर अहमद डार ने बताया कि जम्मू कश्मीर में हुए पंचायत चुनाव में पंचायत प्रतिनिधियों का 20 सदस्यीय दल उत्तराखंड की पंचायती राज व्यवस्था को देखने व समझने आया है।
जम्मू-कश्मीर में थ्री टियर पंचायत व्यवस्था लागू होने जा रही है। इसके लिए पंचायत प्रतिनिधियों को पंचायत व्यवस्था को बारीकी से सीखने और समझने के यहां भेजा गया है। पांच दिनों से दल के सदस्य क्षेत्र के गांवों में जाकर पंचायत व्यवस्था की बारीकियां समझ रहे हैं।
जम्मू क्षेत्र से आये खंड विकास अधिकारी कुलदीप शर्मा ने कहा कि उत्तराखंड और जम्मू कश्मीर की भौगोलिक स्थित एक जैसी है। पंचायत प्रतिनिधि संगीता शर्मा ने कहा कि यहां आकर बहुत कुछ सीखने को मिला है।