इन दिनों केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) के 10वीं के छात्रों की टर्म-2 की बोर्ड परीक्षा चल रही है। पहली बार सीबीएसई की ओर से दो भागों में परीक्षा का आयोजन किया जा रहा, जबकि अबकी आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल कर परीक्षा का रिजल्ट तैयार किया जाएगा।
इसके लिए हर दिन के पेपर के नंबर बोर्ड के पोर्टल पर अपलोड किए जा रहे हैं। कोरोना काल में बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बोर्ड परीक्षाओं को दो भागों में आयोजित किया जा रहा है। सीबीएसई की ओर से टर्म-2 की परीक्षा शुरू होने से कुछ दिन पहले ही टर्म-1 का रिजल्ट जारी किया गया था। सीबीएसई से संबद्ध स्कूल के शिक्षकों ने बताया कि हर विषय का पेपर होने के बाद उसी दिन बोर्ड के पोर्टल पर नंबर अपलोड किए जा रहे हैं।
राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान (एनआईईपीवीडी) के प्रधानाचार्य अमित शर्मा ने बताया कि पहले परीक्षाओं की कॉपी बोर्ड दफ्तर में ही जांची जाती थी, लेकिन अबकी नंबरों को बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड करने के बाद आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल कर मूल्यांकन किया जा रहा, जबकि परीक्षा केंद्रों में ही पेपर की जांच कर और प्रैक्टिकल के नंबरों को पोर्टल पर अपलोड किया जा रहा है। टर्म-2 की बोर्ड परीक्षा 15 जून को संपन्न होगी।