फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सिलसिलेवार धमाकों से दहला दून, भारी नुकसान

Wed, 04 Jun 2014 12:55 AM IST
अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
विज्ञापन
राजधानी देहरादून का घनी आबादी वाला क्षेत्र करनपुर मंगलवार को धमाकों से दहल गया। एक के बाद एक हुए छह धमाकों ने करीब एक दर्जन दुकानों के शटर उड़ा दिए। कई इमारतों के शीशे चकनाचूर हो गए।
विज्ञापन


इसके बाद लगी आग ने कई दुकानों को चपेट में ले लिया। दुकानों में फंसे लोगों ने किसी तरह छतों के रास्ते भागकर जान बचाई।

दमकलकर्मियों को आग पर काबू पाने में डेढ़ घंटे का वक्त लगा। आग लगने की वजह दुकान में अवैध रीफिलिंग के लिए रखे एलपीजी सिलेंडरों का फटना बताया जा रहा है।

छत से भागकर लोगों ने बचाई जान

करनपुर में सीमेंट रोड पर स्थित साईं कांप्लेक्स में सब्बरवाल साइकिल वर्कशाप है। बताया जा रहा है कि दुकान संचालक परमिंदर सब्बरवाल यहां वेल्डिंग के अलावा पांच किलो के एलपीजी सिलेंडरों में अवैध रीफिलिंग भी करता था।

बताया जा रहा है कि दुकान के एक कोने में उसने कुछ भरे हुए छोटे और एक बड़ा सिलेंडर रखा था। मंगलवार शाम करीब चार बजे वेल्डिंग के दौरान अचानक दुकान में आग लग गई।

आग बढ़ने लगी तो सब्बरवाल और अन्य लोग बाहर निकल गए। लपटें बढ़कर पहली मंजिल तक पहुंची तो वहां स्थित कंप्यूटर सेंटर संचालिका किरण अग्रवाल 20 छात्र-छात्राओं को लेकर किसी तरह छत के रास्ते निकली।

आग की चपेट में आए एलपीजी सिलेंडर

बीच वर्कशाप में रखे ज्वलनशील पदार्थ से भरे एक ड्रम ने आग पकड़ ली। इससे लपटें विकराल हो गईं और पास रखे एलपीजी सिलेंडर चपेट में आ गए।

इसके बाद एक-एक कर छह धमाके हुए तो बाजार में भगदड़ मच गई। व्यापारी अपनी दुकानें खुली छोड़ जान बचाने के लिए भाग निकले।

धमाकों से वर्कशाप के ठीक ऊपर बने एनआईसीसी कंप्यूटर सेंटर के शीशे चकनाचूर हो गए। वर्कशाप से लगी टेलर मुकेश पंवार की दुकान में रखे कपड़े राख हो गए।
विज्ञापन

डेढ़ घंटे तक धधकता रहा इलाका

सामने स्थित पंजाब चिकन सेंटर का शटर फट गया और कई मुर्गे लपटों में जल गए। कमला यादव का जनरल स्टोर, अनुभव कंप्यूटर सेंटर, प्रीमियर इंस्टीट्यूट, जैन साइबर कैफे, किरण वेद एकेडमी में भी बड़ा नुकसान हुआ।

अलग-अलग दुकानों, संस्थानों के 24 से अधिक कंप्यूटर, सड़कों पर खड़े करीब एक दर्जन दोपहिया वाहन आग में फुंक गए।

फायर ब्रिगेड को आग बुझाने में चार वाहन लगाने पड़े। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकलकर्मी आग बुझा सके।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें