फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उत्तराखंड: नितिन गडकरी ने शहीदों को अर्पित की श्रद्धांजलि, कहा- पेट्रोल नहीं, एथनॉल से चलेंगे वाहन

Tue, 04 Jan 2022 04:18 PM IST
Vikas Kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून

सार

भाजपा ने उत्तराखंड के गढ़वाल और कुमाऊं मंडल में अलग-अलग तिथियों पर विजय संकल्प यात्रा का शुरुआत की थी।
विज्ञापन
केंद्रीय सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी - फोटो : एएनआई
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

केंद्रीय सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि अब पेट्रोल से नहीं, एथनॉल वाहन चलेंगे। गाड़ियों में सौ फीसदी बॉयो एथनॉल डालने का आदेश जारी किया गया है। वह मंगलवार को थारु राजकीय इंटर कालेज खटीमा में भाजपा की 20 दिवसीय विजय संकल्प यात्रा के समापन मौके पर आयोजित सभा को संबोधित कर रहे थे। गडकरी कार्यक्रम के मुख्य अतिथि थे।

विज्ञापन


उन्होंने खटीमा के चकरपुर से कालापुल-टेढ़ाघाट-पहेनिया बाईपास तक 56 किमी रिंग रोड का निर्माण भारत माला परियोजना के तहत  कराने, खटीमा चौक से थारू विकास भवन तक सड़क निर्माण, खटीमा से पूरनपुर तक सड़क को राष्ट्रीय राजमार्ग बनाने, पीलीभीत-टनकपुर एनएच पर खटीमा में बाइपास मार्ग निर्माण की घोषणा की।  

उन्होंने कहा कि नजीबाबाद से अफजलगढ़ तक बाइपास प्रगति पर है। इसका बजट 1300 करोड़ रुपये है। यह भी जल्द पूरा कराया जाएगा। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड देवों की भूमि और आस्था का प्रतीक है। देश की जनता उत्तराखंड और यहां के लोगों को देवों की तरह मानती है। बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री आस्था और श्रद्धा के प्रतीक हैं, जहां हिंदुस्तान ही नहीं, विश्व भर से लोग आते हैं। उत्तराखंड पवित्र गंगा का उद्गम स्थल भी है। 
विज्ञापन


उत्तराखंड सत्ता संग्राम 2022: भाजपा का जिताऊ प्रत्याशी खोजने का अभियान शुरू, पर्यवेक्षक किए तैनात

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार प्रदेश को भयमुक्त और भ्रष्टाचार मुक्त बनाने के लिए काम कर रही है।  उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में रास्तों की दिक्कत थी। 2014 से 2021 तक 2100 किमी नई सड़कें बनाईं और उनके मजबूतीकरण का काम किया है। 2022 में 128 किमी सड़क उन्नयन का काम पूरा हो जाएगा। 1353 किमी सड़क मजबूतीकरण की डीपीआर बनी है। 2024 तक 2500 किमी सड़क बनाने के साथ करीब दो लाख करोड़ की सड़क का काम पूरा होगा।

‘एक साल में कैलाश मानसरोवर मार्ग से जुड़ जाएगा खटीमा’
गडकरी ने कहा कि खटीमा धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। कुछ समय बाद यह क्षेत्र विश्व मानचित्र पर आने वाला है। एक साल के भीतर कैलाश मानसरोवर तक यहां से सड़क के जरिये जा सकेंगे। यात्रा के लिए टनकपुर से पिथौरागढ़ तक सड़क कनेक्टिविटी हो गई है। टनकपुर से लिपुलेख तक करीब 366 किमी सड़क का काम होना है। मानसरोवर जाने के लिए चीन, नेपाल, सिक्किम जाने की जरूरत नहीं, अब सीधे यहां से जा सकेंगे। उत्तराखंड बदल रहा है। पर्यटन क्षेत्र में 49 प्रतिशत कैपिटल इनवेस्टमेंट रोजगार निर्माण पर हो रहा है।

 

विज्ञापन

‘किसानों की आय ब़ढ़ाने के लिए हो रहा काम’

गडकरी ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए काम किया जा रहा है। गन्ना मूल्य बढ़ाया गया है। ब्राजील में चीनी का भाव 22 रुपये और भारत में 32 रुपये प्रति किलो है। 

‘उत्तराखंड में डबल इंजन की वजह से हो रहा विकास’
प्रदेश में डबल इंजन की वजह से विकास हो रहा है। पीएम नरेंद्र मोदी देश व सीएम पुष्कर धामी प्रदेश में विकास कर रहे हैं। युवा के हाथ में बागडोर है। उनके हाथ में विकास करने की ताकत है। उन्होंने जनता से भाजपा को विजयी बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। 

सीएम ने प्रदेश में किए जा रहे काम गिनाए
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में किए जा रहे कार्यों को गिनाया। एनएच-74 व एनएच 125 को गडकरी की देन बताया। कहा कि आज प्रदेश में सड़कें तेजी के साथ बन रहीं हैं। सीएम ने कहा कि मेरा शरीर कहीं भी रहे, पर आत्मा और मन खटीमा के साथ आजीवन रहेगा। पांच महीने में 550 से अधिक फैसले लिए हैं और उनके शासनादेश भी जारी कर दिए। प्रदेश का तेजी से विकास किया जा रहा है।

गडकरी के प्रयासों से आधुनिक हुई हैं सड़कें : कौशिक
प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि गडकरी के प्रयासों से आज उत्तराखंड में सड़कों का आधुनिकीकरण हुआ है। भारत व विभिन्न प्रदेशों में सड़कों का जाल बिछाया गया है। 

काठमांडो तक का सफर होगा सुगम : अजय भट्ट
केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट ने कहा कि कैलाश मानसरोवर यात्रा के दौरान कबीर बेदी की पत्नी दब गई, जिनका शव आज तक नहीं मिला। सैकड़ों लोग यात्रा में लापता हो गए। पहले लगता था कि कैसे जाएंगे, लेकिन अब पीएम मोदी और गडकरी के प्रयासों से सुबह जाकर शाम को कैलाश मानसरोवर में डुबकी लगाकर आ सकते हैं। उन्होंने सीएम की प्रशंसा की और नितिन गडकरी का अभिनंदन करते हुए कहा कि भारत-नेपाल को जोड़ने के लिए देश की सीमा पर पुल निर्माणाधीन है। नेपाल भी भारत में आने के लिए ड्राइपोर्ट बना रहा है। इससे काठमांडू तक का सफर सुगम होगा। 

20 दिन में कुमाऊं का दौरा, खटीमा में सपन्न हुई भाजपा की विजय संकल्प यात्रा
कुमाऊं में बीते 16 दिसंबर से आयोजित भाजपा की विजय संकल्प यात्रा मंगलवार को संपन्न हो गई। यात्रा बागेश्वर के बागनाथ मंदिर से शुरू हुई थी। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, सीएम पुष्कर सिंह धामी समेत प्रदेश के तमाम नेताओं ने उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारियों के शहीद स्मारक पर फूल चढ़ाकर यात्रा का समापन किया। भाजपा ने 20 दिन में नौ विधानसभा क्षेत्रों में विजय का शंखनाद किया और नैनीताल, ऊधमसिंह नगर के बाद मंगलवार को यहां पहुंचकर यात्रा संपन्न हुई।

गडकरी ने ये काम भी गिनाए
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि टनकपुर से पिथौरागढ़ तक 1640 करोड़ खर्च कर 125 किमी काम पूरा हो गया। पिथौरागढ़ से लिपुलेख तक 204 किमी तक 3100 करोड़ की लागत से काम कराया जा रहा है, जो एक साल में पूरा हो जाएगा। बरेली में 17 किमी का बाईपास बनने से रुद्रपुर तक आने-जाने में समय बच जाएगा। 283 करोड़ की लागत से 41 किमी टनकपुर से बेलखेत तक सड़क निर्माण 2022 तक पूरा हो जाएगा। रामनगर से बुआखाल मोटर मार्ग के बीच 19 करोड़ की लागत से दो पुलों का निर्माण होगा। 18 करोड़ से चंपावत, लोहाघाट और पिथौरागढ़ तक सड़क मरम्मत कार्य करीब 30 किमी सड़क की मरम्मत का कार्य पूरा हो जाएगा। रामेश्वर (पनार) से अल्मोड़ा तक 126 किमी टू लेन प्योर सोल्डर सड़क का डीपीआर तैयार हो रहा है। हल्द्वानी से कर्णप्रयाग तक 250 किमी सड़क ऑलवेदर बनाई जा रही है। देहरादून से दिल्ली तक 12 हजार करोड़ की लागत से 210 किमी सक्सि लेन, ग्रीनफील्ड, नया एक्शन कंट्रोल एक्सप्रेस वे बनेगा। 180 किमी का काम चल रहा है। एक साल के भीतर देहरादून से दिल्ली तक सड़क बन जाएगी। इसका श्रेय उत्तराखंड की जनता को है। यहां कमल नहीं खिलता तो हाइवे कहां से बनता। कहा कि तीन मंजिल बिल्डिंग देखी होंगी, पर अब देश में तीन मंजिल सड़कें भी देखेंगे। चारधाम के लिए 12 हजार करोड़ की लागत से 825 किमी ऑलवेदर सड़क बन रही है। 563 किमी का काम पूरा हो गया है। शेष पर तेजी से काम चल रहा है। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें