शैक्षणिक सत्र के बीच में ही बड़े पैमाने पर किए गए तबादलों को लेकर आज भाजपा विधायकों का गुस्सा फूट पड़ा।
दून में सीएम से मुलाकात नहीं होने पर ऊधमसिंहनगर जनपद के छह विधायकों ने सीएम आवास पर धरना शुरू कर दिया। लगभग चार घंटे बाद विधायकों के पास पहुंचे सीएम के आश्वासन के बाद ही धरना स्थगित किया गया।
शिक्षा के सवाल पर बिफरे विधायक
भाजपा विधायकों का कहना है कि रिमोट के स्कूलों के शिक्षकों को मिड सेशन में ही बदला जा रहा है। ऊधमसिंहनगर से सत्र के मध्य में जो तबादले हो रहे हैं उनके स्थान पर कोई शिक्षक आए भी नहीं। और जिले के दर्जन स्कूल शिक्षक विहिन हो गए हैं।
इस प्रकरण को लेकर भाजपा विधायक मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे। मुलाकात नहीं होने के कारण काशीपुर के विधायक हरभजन सिंह चीमा, खटीमा से पुष्कर सिंह धामी, किच्छा के राजेश शुक्ला, नानकमत्ता के प्रेमसिंह राणा, गदरपुर केअरविंद पांडे व रुद्रपुर के राजकुमार ठुकराल सीएम आवास पर पहुंचकर धरने पर बैठ गए।
सीएम से नहीं हुई भेंट तो गेट पर डाला डेरा
जिस समय विधायक आवास पहुंचे तो सीएम निकल रहे थे। भेंट नहीं होने पर सभी विधायक गेट के सामने ही धरने पर बैठ गए। कुछ ही देर बाद नेता प्रतिपक्ष अजय भट्ट भी धरनास्थल पर पहुंच गए। इतना होते ही जिला प्रशासन व पुलिस अफसर सक्रिय हो गए।
लेकिन विधायक केवल सीएम से मिलने पर अड़े रहे। लगभग पौने ग्यारह बजे शुरू धरना तीन बजे उस समय खत्म हुआ जब मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा ने मौके पर पहुंचकर विधायकों से बात की। सीएम ने कहा कि वह इस मामले में शिक्षा मंत्री से बात कर समस्या का समाधान करेंगे।