भाजपा विधायक गणेश जोशी ने पुलिस की भड़ास बेजुबान पर निकालते हुए उसे बेरहमी से पीट दिया। एसएसपी और दूसरे पुलिसकर्मियों के रोकने के बावजूद विधायक पुलिस के घोड़े पर ताबड़तोड़ लाठियां बरसाते रहे।
विधायक का हाथ तब तक नहीं रुका जब तक घोड़ा लहूलुहान होकर जमीन पर नहीं गिर गया। पुलिस ने विधायक गणेश जोशी और उनके समर्थकों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया है। विधायक गणेश जोशी की इस हरकत का वीडियो सोशल मीडिया में वाइरल हो गया है। इसकी सोशल मीडिया समेत प्रदेश भर में तीखी भर्त्सना हो रही है।
रिस्पना पुल के समीप अंतिम बैरिकेडिंग पर पहुंचे सैकड़ों कार्यकर्ता विधानसभा तक पहुंचने के लिए पुलिस के साथ धक्कामुक्की कर रहे थे। शक्तिमान नाम के घोड़े पर बैठा घुड़सवार पुलिसकर्मी भाजपाइयों को रोकने की कोशिश कर रहा था। तभी युवा नेता जितेंद्र रावत मोनी जमीन पर गिर पड़े और घोड़ा बिदक गया।