महिला कार्यकर्ता से दुष्कर्म के आरोप में फंसे भारतीय जनता पार्टी के पूर्व संगठन मंत्री संजय कुमार से पुलिस ने घंटों पूछताछ की। इस दौरान उनसे पीड़िता से मुलाकात के समय के बारे में पूछा गया। इसके साथ ही उनसे उनके मोबाइल भी मांगे गए हैं। एसएसपी के मुताबिक पूछताछ अभी पूरी नहीं हुई है। उन्हें दोबारा देहरादून बुलाया जाएगा। उन्होंने अपने मोबाइल भी जल्द पुलिस को उपलब्ध कराने की बात कही है।
बता दें कि संजय कुमार के खिलाफ पीड़िता की तहरीर पर शहर कोतवाली में छेड़छाड़ के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था। पांच जनवरी को दर्ज किए गए इस मामले में उनके खिलाफ सिर्फ छेड़छाड़ और अश्लील हरकतें करने का आरोप था। इसी बीच संजय कुमार हाईकोर्ट से गिरफ्तारी पर रोक का स्टे लेने में कामयाब हो गए थे। इसके बाद पीड़िता के मजिस्ट्रेटी बयान दर्ज कराए गए। इन बयानों के बाद संजय कुमार के खिलाफ इस मुकदमें में दुष्कर्म की धारा भी जोड़ दी गई थी।
इसी दरमियान संजय कुमार ने एसएसपी को पत्र लिखकर बताया था कि वे जांच में सहयोग करना चाहते हैं। इसके बाद संजय कुमार रविवार शाम को देहरादून पहुंचे थे। उनसे मुकदमे की विवेचना अधिकारी ज्योति चौहान ने पूछताछ की। एसएसपी ने बताया कि उनसे पूछा गया है कि वे कब पीड़िता के संपर्क में आए और उनसे क्या-क्या बातें उनकी हुईं। इसके अलावा पीड़िता के आरोपों की जांच के लिए संजय कुमार के मोबाइल भी मांगे गए हैं। संजय कुमार ने जल्द ही पुलिस को मोबाइल उपलब्ध कराने की बात कही है।
तीन घंटे हुई पूछताछ
बताया जा रहा है कि संजय कुमार से विवेचना अधिकारी ज्योति चैहान ने तीन घंटे पूछताछ की है। हालांकि, एसएसपी का कहना है कि उनसे दो-चार प्रश्न ही पूछे गए थे और उनका मोबाइल मांगा गया था। उनसे कितनी देर बात हुई इस बारे में कोई स्पष्ट जवाब एसएसपी ने नहीं दिया।