भाजपा के प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक में नए रिकॉर्ड के साथ लगातार जीतने का संकल्प लिया गया। राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश चुनाव प्रभारी दुष्यंत गौतम ने कहा, अमृतकाल में हमारी यह जीत 2047 के विकसित भारत की नींव रखने वाली होगी।
प्रदेश कार्यालय में आयोजित बैठक में समिति के सभी 38 विभागों के प्रमुख एवं सह प्रमुखों के साथ पार्टी नेतृत्व ने चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की। गौतम ने आह्वान किया कि पहले हम पहचान बनाने के लिए चुनाव लड़े, फिर दूसरे नंबर पर आने के लिए, उसके बाद जीतने के लिए और अब हमें नए रिकॉर्ड के साथ लगातार जीतने के लिए चुनाव लड़ रहे हैं।
कहा, ये चुनाव 2047 के विकसित भारत की नींव रखने के लिए हैं। दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने के लिए हैं। जाति और पंथ विहीन समाज खड़ा करने के लिए, प्रत्येक क्षेत्र में विश्व का सिरमौर बनने के लिए हैं। प्रदेश महामंत्री संगठन अजय कुमार ने समिति के सदस्यों को उनके विभागों से जुड़े चुनावी कार्यों को लेकर विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने सदस्यों के साथ चार, पांच और छह मार्च के कार्यक्रमों, युवा मोर्चा के कार्यक्रमों, नव मतदाताओं को प्रोत्साहित करने वाले कार्यक्रम पर अलग-अलग चर्चा कर मार्गदर्शन दिया। प्रदेश महामंत्री राजेंद्र बिष्ट के संचालन में बैठक में प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी, खिलेंद्र चौधरी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, प्रदेश कोषाध्यक्ष पुनीत मित्तल, नेहा जोशी दीप्ति रावत, सौरभ थपलियाल समेत कई अन्य सदस्य मौजूद थे।
ये भी पढ़ें...Uttarakhand Budget Session: राज्यपाल ने रखा सशक्त उत्तराखंड का विजन, 50 मिनट में पढ़ा अभिभाषण, पढ़ें खास बातें
हर बूथ पर पहाड़ 10 फीसदी और मैदान 370 वोटों का लक्ष्य
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बैठक को चुनावी बिगुल फूंकने वाला बताया। कहा, हमें सभी लोकसभा सीटों को पांच लाख से अधिक मतों से जीतने के लक्ष्य को पूरा करना है। हमेें सुनिश्चित करना है कि पर्वतीय क्षेत्रों के बूथों पर विगत चुनावों से न्यूनतम 10 फीसदी अधिक मत प्राप्त हों और मैदानी बूथों पर धारा 370 के अनुरूप पहले से 370 वोट अधिक मिले।
विस स्तर पर जल्द बनेगीं चुनाव प्रबंधन समितियां
कहा, लोकसभा चुनाव प्रदेश प्रबंध समिति के 38 विभागों में 103 सदस्यों की तरह ही लोकसभा और विधानसभा स्तर पर भी चुनाव प्रबंधन समितियां का शीघ्र गठन किया जाएगा। समिति के सभी सदस्य समन्वय के साथ काम करते हुए बूथ और पन्ना प्रमुख तक के कार्यकर्ताओं का सक्रिय सहयोग लेना है। उन्होंने लाभार्थी संपर्क अभियान, मातृ शक्ति एवं अन्य मोर्चों से जुड़े कार्यक्रमों की सफलता के लिए भी जुट जाने का आह्वान किया।
दो मार्च को आएंगे राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा
भट्ट ने बताया, 28 फरवरी को होने वाला राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का कार्यक्रम अब दो मार्च को होगा। वह हल्द्वानी का कुमायूं क्लस्टर सम्मेलन, रायवाला का चुनाव प्रबंधन की बैठक और देहरादून का प्रबुद्ध सम्मेलन में शामिल होंगे।