फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bird Flu in Uttarakhand : काशीपुर में मृत मिले तीन पक्षी, ग्रामीणों ने जताई बर्ड फ्लू की आशंका 

Tue, 12 Jan 2021 10:09 AM IST
Nirmala Suyal Nirmala Suyal न्यूज़ डेस्क, अमर उजाला, काशीपुर (ऊधमसिंह नगर)
विज्ञापन
- फोटो : अमर उजाला (File Photo)
विज्ञापन

काशीपुर के ग्राम रायपुर निवासी एक किसान के खेत में दो बगुले और एक अन्य पक्षी के मृत मिलने से सनसनी फैल गई। मृत मिले तीसरे पक्षी की प्रजाति की पहचान नहीं हो पा रही है। ग्रामीणों ने बर्ड फ्लू से पक्षियों की मौत होने की आशंका जताई है। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जांच के लिए मृत पक्षियों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। 

विज्ञापन


Bird Flu: उत्तराखंड में बर्ड फ्लू की पुष्टि, रेड अलर्ट जारी, पोल्ट्री फार्मों में बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक

सोमवार को ग्राम रायपुर के कुछ ग्रामीणों को क्षेत्र निवासी देवेंद्र सिंह के गेहूं के खेत में दो बगुले और एक अन्य पक्षी मृत अवस्था में मिले। बर्ड फ्लू की आशंका के चलते ग्रामीण पक्षियों के ज्यादा पास नहीं गए। ग्रामीण हरजीवन ने पशु चिकित्साधिकारी विक्रांत गिल को मृत पक्षियों के मिलने की सूचना दी तो उन्होंने जंगली पक्षियों की बात कहकर वन विभाग को सूचना देने को कहा। वन विभाग के अधिकारियों ने भी घटनास्थल काशीपुर रेंज का बताते हुए ग्रामीणों को वन क्षेत्राधिकारी काशीपुर को सूचना देने की सलाह दी। 
विज्ञापन


हरजीवन ने बताया कि क्षेत्र में इससे पहले कभी कोई पक्षी इस तरह से मृत नहीं मिला। मृत पक्षियों में दो बगुले हैं और तीसरा कोई बड़ा पक्षी है, जिसकी पहचान नहीं हो पा रही है। अनुमान लगाया जा रहा है कि उक्त पक्षी प्रवासी हो सकता है, जो सर्दियों के मौसम में यहां आया होगा। पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. गिल ने बताया कि फिलहाल बर्ड फ्लू सिर्फ मुर्गियों में हैं।

उन्होंने सोमवार को ही रायपुर क्षेत्र में पोल्ट्री फार्म का निरीक्षण किया है, जहां सभी मुर्गियां स्वस्थ दिखीं हैं। इधर, काशीपुर रेंज के वन क्षेत्राधिकारी किशन सिंह शाही का कहना है कि मामला संज्ञान में आने के बाद वन विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया है। बर्ड फ्लू की आशंका को देखते हुए उच्चाधिकारियों के निर्देश पर मृत पक्षियों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। उसके बाद ही पक्षियों की मौत का असली कारण पता चलेगा। 

ऊधमसिंह नगर जिले से मुर्गियों के 35 सैंपल आईवीआरआई बरेली भेजे 

जिले में बर्ड फ्लू के अलर्ट के बाद पशुपालन विभाग सतर्क हो गया है। जिले के विभिन्न पोल्ट्री फार्मों से मुर्गियों के 35 सैंपल जांच के लिए आईवीआरआई (भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान) बरेली भेज दिए गए हैं। इधर, पशुपालन विभाग को जिले में सैंपलिंग कर रहे कर्मचारियों के लिए 300 पीपीई किट उपलब्ध हो गए हैं। 

देश की राजधानी समेत आठ राज्यों में बर्ड फ्लू (एवियन इनफ्लूएंजा) के मामले सामने आने के बाद पूरे प्रदेश में इसके संक्रमण को रोकने के लिए एडवाइजरी जारी की गई है। प्रभारी मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. पूजा पांडेय ने बताया कि जिले में बर्ड फ्लू संक्रमण से पहले के सभी बचाव कार्य किए जा रहे हैं। जिले के सभी 22 पशु चिकित्सालयों में टीम के लिए 10-10 पीपीई किट उपलब्ध करा दी गई हैं।

साथ ही सभी चिकित्सा अधिकारियों को सैंपलिंग के रिकॉर्ड दर्ज करने के लिए रजिस्टर तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। बताया कि जिले के विभिन्न पोल्ट्री फार्मों से मुर्गियों के 35 सीरा सैंपल लेकर जांच के लिए आईवीआरआई बरेली भेजे गए हैं। इनकी रिपोर्ट सप्ताह भर में आने की उम्मीद है।

उन्होंने बताया कि जिले के सभी सात ब्लॉकों में गठित रैपिड रिस्पांस टीम लगातार सैंपलिंग कर रही है। रुद्रपुर स्थित मंडलीय रोग निदान लैब की तीन सदस्यीय टीम ने मंगलवार को चंपावत जिले के बनबसा क्षेत्र से भी सैंपल लिए हैं। 
विज्ञापन

चिकन 150 रुपये किलो और अंडे की क्रेट 145 रुपये में 

बर्ड फ्लू की आशंका के चलते जिले के मुर्गी पालकों की चिंताएं बढ़ गई हैं। बर्ड फ्लू की आशंका के कारण चिकन और अंडे के दामों में भारी गिरावट आ गई है। करीब एक सप्ताह पूर्व 200 रुपये प्रति किलो बिक रहा चिकन अब 150 रुपये प्रति किलो बिक रहा है।

साथ ही 190 रुपये की बिक रही अंडे की क्रेट के दाम भी घटकर 145 रुपये हो गए हैं। सोमवार को रुद्रपुर के मीट मार्केट में ग्राहकों की भीड़ कम रही। अधिकांश लोग चिकन के बजाय मटन या मछली खरीदते नजर आए।
 
सितारगंज में मृत तोता मिलने से हड़कंप

कृषि उत्पादन मंडी समिति के परिसर में सोमवार को एक तोता मृत मिलने से बर्ड फ्लू की आशंका के मद्देनजर लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना पर प्रभारी रेंजर आईएफएस अभिमन्यु टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मृत तोते को कब्जे में ले लिया।

उन्होंने बताया कि जांच की जा रही है। बर्ड फ्लू की आशंका को देखते हुए मामले की जानकारी पशु चिकित्सक को भी दी गई थी। पशु चिकित्सक विनय कुमार ने मृत तोते से नमूने लिए हैं, जिन्हें बर्ड फ्लू जांच के जांच के लिए आईवीआरआई बरेली भेजा जाएगा। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें