टिहरी लोकसभा क्षेत्र से चुनाव के लिए दो प्रत्याशियों ने मंगलवार को नामांकन पत्र जमा किए। दोनों प्रत्याशियों ने करोड़ों की संपत्ति का ब्योरा दिया है।
निर्दलीय प्रत्याशी और सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता ब्रह्मदेव झा करोड़पति तो हैं लेकिन उनकी एक भी ई-मेल आईडी नहीं है। राष्ट्रीय लोकदल के प्रत्याशी कुंवर जपेंदर सिंह ने अपने नामांकन पत्र में करोड़ों की संपत्ति का ब्योरा दिया है।
पजेरो कार है और 10 लाख रुपए नकद
रालोद प्रत्याशी कुंवर जपेंदर सिंह ने कुल चार करोड़ 93 लाख 1500 रुपए कीमत की संपत्ति का निर्वाचन आयोग को ब्योरा दिया है। उनके पास पजेरो कार है और 10 लाख रुपए नकद हैं। इसके अलावा शेयर, जमीन, खेत आदि का ब्योरा दिया है।
निर्दलीय प्रत्याशी ब्रह्मदेव झा के पास हॉंडा सिटी है। उन्होंने दो करोड़, 53 लाख 14 हजार रुपए कीमत की संपत्ति का ब्योरा दिया है। जिला निर्वाचन अधिकारी बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने बताया कि मंगलवार को छह प्रत्याशियों ने नामांकन फार्म लिए हैं। इनमें देवबंद के पूर्व शिक्षक सैयद माबूद भी शामिल हैं।
उन्होंने एक सेट नामांकन फार्म लिया है। पिछले दिनों दून आने पर पुलिस की टोकाटाकी से चिढ़कर वह निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं। नामांकन कक्ष में सहायक रिटर्निंग अधिकारी एनएस डांगी, जिला विकास अधिकारी सुशील मोहन डोभाल रहे।
भाजपा, कांग्रेस, बसपा का नामांकन कल
भाजपा, कांग्रेस, बसपा के प्रत्याशी 17 अप्रैल को नामांकन जमा करेंगे। भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशियों ने नामांकन जुलूस लगभग एक ही समय में परेड ग्राउंड से निकालने की अनुमति मांगी है।
सिटी मजिस्ट्रेट जीसी गुणवंत ने बताया कि ज्यादातर प्रत्याशियों ने 17 अप्रैल के लिए ही अनुमति मांगी है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि कांग्रेस और भाजपा के नामांकन जुलूस के समय में फेरबदल के लिए कोशिश की जा रही है।