दिव्यांगों (विकलांगों) की सहायता के लिए रविवार को अमर उजाला फाउंडेशन की पहल पर सबसे बड़ा शिविर आयोजित किया जा रहा है।
शिविर की सफलता के लिए भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को), जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और श्री महंत इंदिरेश अस्पताल की टीम पूरी तरह तैयार है। शिविर में दिव्यांगों की जरूरत के मुताबिक कृत्रिम अंगों और अन्य उपकरणों की सूची तैयार की जाएगी।
दिव्यांगों (विकलांगों) की जरूरतों को समझने और सुविधानुसार कृत्रिम अंग, अन्य उपकरण उपलब्ध कराने के लिए अमर उजाला एसजीआरआर पीजी कॉलेज में यह शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में दिव्यांगों के लिए कृत्रिम अंगों की नाप-जोख, अन्य जरूरतों का मूल्यांकन और निशुल्क स्वास्थ्य जांच और औषधी बांटी जाएगी।
भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को) की टीम कृत्रिम अंगों के लिए दिव्यांगों के हाथ-पैरों की नाप-जोख करेंगे। इसके अलावा अन्य जरूरतों के मुताबिक रजिस्ट्रेशन कराने वालों को ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर, बैसाखी, कान की मशीन, ब्लाइंड स्टिक के लिए सूची भी तैयार की जाएगी।
शिविर में भाग लेने के लिए दिव्यांगों को विकलांगता प्रमाण पत्र अनिवार्य रूप से लाना होगा। विकलांगता प्रमाण पत्र बनाने के लिए प्रत्येक बुधवार को सीएमओ कार्यालय में शिविर आयोजित किया जा रहा है। इसके अलावा शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मौजूद रहेगी, जो ऑर्थों, आई और ईएनटी संबंधित दिव्यांगों की जांच के बाद मौके पर ही विकलांगता प्रमाण पत्र वितरित करेगी।
असहायों की मदद को आएं आगे
अमर उजाला फाउंडेशन के इस अभियान से जुड़कर आप भी किसी असहाय व्यक्ति की मदद कर सकते हैं। अगर आप किसी दिव्यांग व्यक्ति को जानते हैं तो उसे शिविर में पहुंचाकर सहयोग कर सकते हैं। सभी सामाजिक और राजनीतिक संगठनों-कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों से अमर उजाला इस पावन कार्य में सहयोग की अपील करता है। अभियान से जुड़ने के लिए आप 9760757378 पर फोन भी कर सकते हैं।
यह दस्तावेज लाना ना भूलें
- विकलांगता प्रमाण पत्र
- फोटो युक्त आईडी, एड्रेस प्रूफ
- दो फोटो (जिसमें विकलांगता दिख रही हो)
- आय प्रमाण पत्र
कैंप में फ्री हेल्थ चेकअप का उठाएं लाभ
अमर उजाला फाउंडेशन की पहल पर एसजीआरआर पीजी कॉलेज में आयोजित होने वाले शिविर में दिव्यांग के साथ ही आप अपनी सेहत की भी जांच करवा सकते हैं। शिविर में श्री महंत इंदिरेश अस्पताल के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम दिव्यांगों के साथ ही अन्य लोगों के स्वास्थ्य की निशुल्क जांच कर जरूरी परामर्श और दवाएं देगी।
भागदौड़ भरी जिंदगी में आजकल तमाम तरह की बीमारियां कम उम्र में ही लोगों को अपना शिकार बना रही है। विशेषकर काम के दबाव में लोग अपनी सेहत का ध्यान नहीं रख पाते। वहीं घर और बाहर की जिम्मेदारी निभाने वाली महिलाएं भी अपने स्वास्थ्य पर ध्यान नहीं दे पाती हैं।
ऐसे में कई बार छोटी-छोटी परेशानियां बड़ी बीमारी बन जाती हैं। शुरूआत में ही इन बीमारियों को नियंत्रित कर और स्वस्थ जीवन शैली अपनाकर आप कई तरह की बड़ी बीमारियों से अपना बचाव कर सकते हैं।
शिविर में श्री महंत इंदिरेश अस्पताल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी भूपेंद्र रतूड़ी ने बताया कि शिविर में फिजिशियन डॉ. राजेश पंडिता, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. हर्षिता चावला, मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. मंदाकिनी, त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. शिवांगी, दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. दिशा और स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. मोनिका चौहान मरीजों की निशुल्क जांच करेंगे।
उनको सामान्य दवाएं भी अस्पताल की ओर से फ्री प्रदान की जाएंगी। इसके अलावा विभिन्न जांचें भी निशुल्क की जाएगी।
शिविर के लिए परिसर तैयार
शिविर के लिए एसजीआरआर पीजी कॉलेज परिसर पूरी तरह तैयार हो गया है। शिविर में सभी चिकित्सकों से जांच के लिए अलग-अलग काउंटर बनाए जा रहे हैं ताकि मरीजों को परेशानी ना झेलनी पड़े। दिव्यांगों को शिविर स्थल तक लाने के लिए व्हील चेयर और स्ट्रेचर की भी व्यवस्था की जा रही है।
दिव्यांगों के लिए कृत्रिम अंगों की नाप-जोख नई बिल्डिंग स्थित हॉल में होगी। यहीं आई टेस्ट की भी व्यवस्था होगी। सामान्य रोगियों की जांच इसके पास के परिसर में होगी। शनिवार को पूरे दिन अस्पताल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी भूपेंद्र रतूड़ी तैयारियों को फाइनल टच देने में जुटे रहे।