राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के हाल ही में हुए केदारनाथ दौरे के दौरान उनकी सुरक्षा को लेकर बड़ी लापरवाही सामने आई है। इसे लेकर शासन से लेकर प्रशासन में भी हड़कंप मचा हुआ है। आगे जानिए पूरा मामला...
राष्ट्रपति की उत्तराखंड यात्रा के दौरान हेलीकॉप्टर कंपनी की लापरवाही से उनकी सुरक्षा में लगे अधिकारी उनके साथ केदारनाथ तक नहीं पहुंच पाए। इस लापरवाही पर कड़ा रुख अख्तियार करते हुए रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी ने हेलीकॉप्टर सेवा उपलब्ध कराने वाली कंपनी इंडो कॉप्टर प्राइवेट लिमिटेड के उड़ान पर रोक लगा दी है और हेलीकॉप्टर भी जब्त कर लिया है। मामले की जांच जखोली के एसडीएम के नेतृत्व वाली तीन सदस्यीय कमेटी को सौंप दी गई है।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद 23-24 सितंबर को उत्तराखंड के दौरे पर आए थे। 24 सितंबर की सुबह राष्ट्रपति केदारनाथ के दर्शन के लिए गए थे। उनके साथ अधिकारियों को भी जाना था। इसके लिए जिला प्रशासन ने इंडो कॉप्टर कंपनी का हेलीकॉप्टर हायर किया था लेकिन इंडो कॉप्टर ने अधिकारियों को हेलीकॉप्टर सेवा उपलब्ध नहीं कराई।
इसकी वजह से अधिकारी केदरानाथ तक नहीं पहुंच पाए थे जबकि प्रोटोकॉल और सुरक्षा के लिहाज से अधिकारियों का पहुंचना जरूरी था। इस लापरवाही को लेकर जिला प्रशासन ने कंपनी से जवाब-तलब भी किया था।