कृषि कानूनों को तत्काल वापस लेने, एमएसपी पर कानून बनाने सहित विभिन्न मांगों को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा के बंद के दौरान भाकियू टिकैत ने देहरादून में घंटाघर से डीएम ऑफिस तक शांतिपूर्वक मार्च निकाला और डीएम के माध्यम से राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया।
विदित है कि तीनों कृषि काननों को वापस लेने सहित विभिन्न मांगों को लेकर किसान विगत 300 से भी अधिक दिनों से संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले देशभर में आंदोलित हैं। मांगों पर अभी तक केंद्र सरकार की ओर से कोई संज्ञान न लेने से आहत किसानों ने सोमवार को भारत बंद का एलान किया है। यह बंद सुबह छह बजे से शाम चार बजे तक जारी रहेगा।
पांच कंपनी पीएसी तैनात, एटीएस भी अलर्ट मोड पर
किसानों के भारत बंद आंदोलन को लेकर दून पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था की पूरी तैयारी कर ली है। देहरादून जिले में महत्वपूर्ण स्थानों पर पांच कंपनी पीएसी तैनात है। इसके साथ ही एंटी टेररिस्ट स्क्वाॅड (एटीएस) को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है। पुलिस कप्तान जन्मेजय खंडूरी ने सभी थानों को अपने क्षेत्रों में सतर्क रहने के निर्देश जारी किए हैं।
किसान यूनियन तोमर ने भी किया किनारा
भाकियू तोमर गुट हालांकि संयुक्त किसान मोर्चा में शामिल है, लेकिन आज के बंद को उनका कोई समर्थन नहीं है। किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष संदीप चौहान ने कहा कि यूनियन बंद में शामिल नहीं है।