केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने टर्म-2 की बोर्ड परीक्षा शुरू होने से पहले टर्म-1 की परीक्षा का रिजल्ट जारी कर छात्रों की धड़कने बढ़ा दी। बोर्ड की ओर से शनिवार देर शाम को कक्षा 12वीं की टर्म-1 की परीक्षा का रिजल्ट जारी किया। बोर्ड की ओर से पहली बार अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर रिजल्ट और स्कोरकार्ड जारी करने के बजाय स्कूलों को मेल किया। 10वीं का रिजल्ट बोर्ड की ओर से सप्ताह भर पहले ही जारी किया कर दिया गया था।
कोरोना काल में छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सीबीएसई की ओर से पहली बार बोर्ड परीक्षाओं को दो भागों में आयोजित करने का फैसला लिया था। पहले चरण में पाठ्यक्रम का 50 फीसदी हिस्से से टर्म-1 की परीक्षा कराई गई। बोर्ड की ओर से बीते साल पहले टर्म की परीक्षा नवंबर और दिसंबर में आयोजित की गई थी। जिसका छात्र बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। शनिवार को रिजल्ट जारी होने के बाद छात्रों की धड़कने बढ़ गई और छात्रों के साथ अभिभावकों ने स्कूलों में संपर्क करना शुरू किया। स्कूलों की ओर से अभिभावकों को रिजल्ट मेल व व्हाट्सएप के माध्यम से भेजा जा रहा है।
राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान (एनआईईपीवीडी) के प्रधानाचार्य अमित शर्मा ने बताया कि बोर्ड की ओर से लिखित परीक्षाओं का स्कोर कार्ड स्कूल को मेल के माध्यम से भेजा है। प्रैक्टिकल एग्जाम के नंबर टर्म-2 की परीक्षा के बाद आने वाले फाइनल रिजल्ट में शामिल कर भेजे जाएंगे। बताया कि बोर्ड की ओर से जारी रिजल्ट छात्रों के अभिभावकों को भेजा जा रहा है। 10वीं की टर्म-2 की परीक्षा 26 अप्रैल से शुरू होगी और 24 मई को खत्म होगी। वहीं 12वीं की टर्म-2 की परीक्षाएं 26 अप्रैल से शुरू होंगी और 15 जून को खत्म होंगी। इस परीक्षा के बाद फाइनल रिजल्ट जारी किया जाएगा।