वालीबॉल ऑफ उत्तराखंड फेडरेशन के तत्वाधान में शुक्रवार को ऋषिकेश के शिवपुरी में गंगा तट पर तीन दिवसीय उत्तराखंड बीच वालीबॉल टूर्नामेंट शुरू हो गया। इस मौके पर उत्तराखंड, हरियाणा और दिल्ली की टीमों के बीच कुल 16 मैच खेले गए।
अंतर्राज्यीय वालीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन
शुक्रवार को पहली बार गंगा बीच पर आयोजित अंतर्राज्यीय वालीबॉल प्रतियोगिता का बतौर मुख्य अतिथि खेल मंत्री दिनेश अग्रवाल ने शुभारंभ किया।
प्रतियोगिता में दिल्ली, हरियाणा, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, आंध्रप्रदेश आदि राज्यों की 22 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं।
विजेता टीम को अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने का मौका
आयोजन समिति की ओर से बताया गया कि टूर्नामेंट में विजेता टीम अंतरराष्ट्रीय वालीबॉल प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेगी। फेडरेशन के अध्यक्ष अवधेश कुमार ने बताया कि टूर्नामेंट के पहले दिन कुल 16 मैच खेले गए। इनमें उत्तराखंड की दो और हरियाणा की चार टीमों का मुकाबला दिल्ली की टीमों से हुआ।
उत्तराखंड की दो टीमों ने दिल्ली को 2-0 से हराया, जबकि हरियाणा की चार टीमों ने दिल्ली को 2-0 के अंतर से हराया। इस अवसर पर भारत ओलंपिक एसोसिएशन के सेक्रेट्री राजीव मेहता आदि मौजूद थे।